लौहपुरुष पटेल की वजह से ही मजबूत और अखंड भारत का हुआ निर्माणः अमित शाह

0 145

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लौहपुरुष की दूरदर्शिता की वजह से ही एक मजबूत और अखंड भारत का निर्माण संभव हुआ।

यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को खंडित रखने के प्रयास करने वाली ताकतों के बावजूद अपनी समझ, दूरदर्शिता की वजह से एक मजबूत और अखंड भारत के सपने को साकार किया। उनके मजबूत इरादों के बिना अखंड भारत संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि भारत के मौजूदा स्वरूप के निर्माण में सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पटेल का नाम लेते ही मौजूदा भारत का नक्शा आंखों के सामने आ जाता है। उन्होंने कहा कि यह पटेल के दृढ़ इरादों की ही देन है कि भारत आजादी के बाद एकता के सूत्र में बंधा हुआ है।

शाह ने आगे कहा कि आजादी के समय सभी रियासतों को भारतीय संघ के तहत लाने की बड़ी चुनौती थी, पटेल ने उस चुनौती का सामना करते हुए रियासतों को भारतीय संघ के तहत शामिल कराया। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विगत आठ वर्षो में देश ने इस ओर कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 के समय में सरदार पटेल के सपनों का भारत बनाने में हम सब कामयाब होंगे।

शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत में गुजरात के मोरबी में केबल से बने ब्रिज के टूटने से 140 लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। शाह ने कहा कि गुजरात में दिल दहला देने वाली घटना हुई। इस घटना में बच्चों समेत कई लोगों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि हादसों पर कोई नियंत्रण नहीं कर सकता, लेकिन पूरे देश की भावनाओं को झकझोर देने वाली इस घटना ने लोगों को आहत और दुखी किया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.