UPPSC परीक्षा पर प्रशासन सख्त, 14 केंद्रों पर होगी प्रवक्ता भर्ती परीक्षा; नकल रोकने को कड़े निर्देश

0 24

गौतमबुद्धनगर : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), प्रयागराज द्वारा आयोजित होने वाली प्रवक्ता (महिला/पुरुष) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 को लेकर गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 14 जून 2026 को जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की गई।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने की। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

14 जून को एक पाली में होगी परीक्षा

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित प्रवक्ता (महिला/पुरुष) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 जनपद के 14 परीक्षा केंद्रों पर एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप अपनी तैयारियां समय रहते पूरी कर लें और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

नकल और लापरवाही पर रहेगा जीरो टॉलरेंस

बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें और परीक्षा संचालन पर सतत निगरानी रखें।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सीसीटीवी, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस

अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने सभी अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील होने चाहिए और किसी भी तकनीकी कमी को तत्काल दूर किया जाए।

इसके अलावा अभ्यर्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मोबाइल, स्मार्ट डिवाइस और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध

परीक्षा को नकलमुक्त बनाने के लिए केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सघन जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डाटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, एयरफोन, कलाई घड़ी, एटीएम कार्ड अथवा अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक या प्रतिबंधित सामग्री के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

समन्वयी पर्यवेक्षक ने समझाए परीक्षा संचालन के मानक

बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज के समन्वयी पर्यवेक्षक आशीष एलन राबर्ट्स ने उपस्थित अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़े मानकों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और आयोग की अपेक्षाओं की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.