गौतमबुद्धनगर पहुंचे प्रशासनिक न्यायाधीश अजय भनोट, जिला न्यायालय का किया निरीक्षण; न्यायिक व्यवस्था और लंबित मामलों पर दिए अहम निर्देश

0 24

गौतमबुद्धनगर: इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति एवं गौतमबुद्धनगर के प्रशासनिक न्यायाधीश अजय भनोट ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के प्रथम दिन जिला न्यायालय गौतमबुद्धनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों के निस्तारण, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और न्यायिक सेवाओं की गुणवत्ता का विस्तृत जायजा लिया तथा न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनसुलभ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला न्यायालय पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

जिला न्यायालय पहुंचने पर माननीय प्रशासनिक न्यायाधीश अजय भनोट का जिला न्यायाधीश, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और सभी न्यायिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने न्यायिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न न्यायिक एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

लंबित वादों के समयबद्ध निस्तारण पर दिया जोर

समीक्षा बैठक में न्यायालयों की कार्यप्रणाली, लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण, न्यायिक कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और आम लोगों को बेहतर न्यायिक सेवाएं उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रशासनिक न्यायाधीश ने न्यायिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

बार एसोसिएशन से किया संवाद

निरीक्षण के दौरान गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन ने प्रशासनिक न्यायाधीश का स्वागत किया। उन्होंने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, न्यायिक मर्यादा और पेशेवर मूल्यों को बनाए रखने पर बल दिया। इस अवसर पर उन्होंने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों से संवाद कर उनके सुझाव भी प्राप्त किए।

वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्रशासनिक न्यायाधीश अजय भनोट ने न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।

न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों से भी की चर्चा

उन्होंने जनपद न्यायाधीश के कक्ष में न्यायिक अधिकारियों के साथ पुनः विचार-विमर्श किया। वहीं बैठक कक्ष में जिला न्यायालय के कर्मचारियों से संवाद करते हुए उनकी कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और न्यायालय के सुचारु संचालन से जुड़े विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर की प्रशासनिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का भी विस्तृत अवलोकन किया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.