EPFO की ‘विश्वास योजना-2026’ पर नोएडा में विशेष कार्यशाला, प्रतिष्ठानों को विवाद निपटाने की योजना की दी गई जानकारी

0 21

गौतमबुद्धनगर: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय नोएडा ने शुक्रवार को प्रतिष्ठानों के लिए ‘विश्वास योजना-2026’ विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम में नोएडा क्षेत्र के कई प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिष्ठानों को नई योजना की जानकारी देना और अधिक से अधिक नियोक्ताओं को इसका लाभ लेने के लिए जागरूक करना रहा।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्यशाला

कार्यशाला का संचालन प्रवर्तन एवं लेखा अधिकारी उज्ज्वल कुमार ने किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 सुयश पांडेय, योजना के नोडल अधिकारी एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 प्रवीण कुमार, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 कुमार राघवेंद्र तथा मुकेश सारस्वत भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों को योजना की प्रमुख विशेषताओं और उसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

विलंबित अंशदान के विवादों के समाधान के लिए शुरू हुई योजना

अधिकारियों ने बताया कि नवीनीकृत ईपीएफ योजना-2026 के तहत अधिसूचित ‘विश्वास योजना-2026’ को विलंबित अंशदान पर लगने वाले हरजाने (डैमेज) से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए एक वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्र (एडीआर) के रूप में लागू किया गया है। यह विशेष अभियान 29 जून 2026 से प्रभावी है और छह माह तक संचालित रहेगा।

अधिक से अधिक संस्थानों को जोड़ा जाएगा

योजना के नोडल अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि अधिक से अधिक प्रतिष्ठानों तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार के जागरूकता सेमिनार और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने संस्थानों से योजना का लाभ उठाने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अपील की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.