हीट वेव से बचाव के लिए गौतमबुद्धनगर में एडवाइजरी जारी, 12 से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचने की अपील, कंट्रोल रूम नंबर 1077 जारी
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हीट वेव और लू चलने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग, लखनऊ द्वारा जारी अलर्ट के बाद गौतमबुद्धनगर को येलो जोन में रखा गया है। इसी के मद्देनजर जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने आम जनता के लिए आवश्यक सावधानियों को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
येलो जोन में शामिल जिला, सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने बताया कि प्रदेश के कुछ जनपदों में उष्ण लहर चलने की संभावना है, जिनमें गौतमबुद्धनगर भी शामिल है। ऐसे में नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और पूरी सावधानी बरतें।
दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें
एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि तेज धूप के समय विशेषकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचा जाए। अत्यधिक गर्मी के संपर्क में आने से लू लगने का खतरा बढ़ जाता है।
सिर और शरीर को ढककर रखें, पर्याप्त पानी पिएं
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि घर से बाहर निकलते समय सिर को टोपी, गमछा या छाते से ढकें। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, शिकंजी और आम पन्ना जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें।
हल्के कपड़े और संतुलित आहार अपनाने की सलाह
लोगों को सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है, जिससे शरीर को ठंडक मिले और पसीना आसानी से सोख लिया जाए। इसके साथ ही ताजे फल, सलाद और हल्का भोजन करने की सलाह दी गई है, जबकि तली-भुनी और भारी चीजों से परहेज करने को कहा गया है।
खेतों में काम करने वालों के लिए विशेष निर्देश
किसानों और खेतिहर मजदूरों को दोपहर के समय काम न करने की सलाह दी गई है। उन्हें सुबह जल्दी या शाम के समय काम करने और सिर व गर्दन को ढककर रखने को कहा गया है। यदि कमजोरी, सिर दर्द या चक्कर जैसी समस्या महसूस हो तो तुरंत छायादार स्थान पर विश्राम करने की अपील की गई है।
लू के लक्षणों को पहचानने की सलाह
एडवाइजरी में बताया गया है कि लू लगने पर कमजोरी, सिर दर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना और चक्कर जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
पशु-पक्षियों के लिए भी सावधानी जरूरी
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जानवरों को छाया में बांधा जाए और उन्हें पर्याप्त पानी दिया जाए। साथ ही घरों की छतों पर पक्षियों के लिए पानी रखने की सलाह भी दी गई है।
हीट वेव शेल्टर होम्स की व्यवस्था
नगर निकायों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर हीट वेव से बचाव के लिए शेल्टर होम्स स्थापित किए गए हैं, जहां पंखा, कूलर, बैठने और पानी की व्यवस्था उपलब्ध है। जरूरत पड़ने पर लोग इनका उपयोग कर सकते हैं।
आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
किसी भी प्रकार की आपात सहायता के लिए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर संचालित कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करने की अपील की है।