90 साल की नानी से दरिंदगी के बाद गला दबाकर हत्या की कोशिश, 26 दिन अस्पताल में जिंदगी से जूझती रही बुजुर्ग
मंगलौर: हरिद्वार के मंगलौर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। 23 वर्षीय युवक पर अपनी 90 साल की मूक-बधिर और लाचार नानी के साथ दुष्कर्म करने और विरोध करने पर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप है। 16 जुलाई की रात हुई इस घटना के बाद बुजुर्ग महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां 26 दिन बाद सोमवार देर शाम उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब के नशे में नानी के कमरे में घुसने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ 16 जुलाई की रात कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया था। आरोप है कि 23 वर्षीय नाती रात करीब 12 बजे शराब के नशे में नानी के घर पहुंचा। उस समय परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी बुजुर्ग महिला के कमरे में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
विरोध किया तो गला दबाकर जान लेने की कोशिश
आरोप है कि बुजुर्ग महिला ने विरोध किया और शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। रात करीब एक बजे महिला की नातिन ने आरोपी को नानी के कमरे से बाहर निकलते देखा।
इसके बाद नातिन ने कमरे के अंदर जाकर देखा तो बुजुर्ग महिला गंभीर हालत में पड़ी थीं। शोर सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को पकड़ लिया गया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी जेल भेजा गया
घटना के बाद परिजनों ने बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। महिला के पोते की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नाती के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
सोमवार देर शाम उपचार के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह महर ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
मंगलौर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
मंगलौर में एक अन्य मामले में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के करीब छह माह की गर्भवती होने की बात भी सामने आई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
कस्बा निवासी महिला की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। परिजनों तथा आसपास के लोगों के अनुसार महिला करीब छह माह की गर्भवती थी। मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विवाहिता के पति पर 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोप
इस मामले से पहले विवाहिता के पति के खिलाफ देवबंद निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप था कि किशोरी अपने मौसा आसिफ के घर रहने आई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। बाद में किशोरी के गर्भवती होने की बात सामने आई थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए स्टे लिया था। कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।