नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 16 जून को अकासा एयर की पहली उड़ान, बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए रोजाना डायरेक्ट फ्लाइट शुरू

0 22

नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आम यात्रियों की उड़ान सेवाएं अगले महीने शुरू होने जा रही हैं। एयरपोर्ट संचालन की शुरुआत 15 जून से होगी, जबकि 16 जून को अकासा एयर अपनी पहली कमर्शियल फ्लाइट का संचालन करेगी। इससे पहले इंडिगो 15 जून को पहली कमर्शियल उड़ान शुरू करने वाली एयरलाइन होगी।

इंडिगो के बाद अकासा एयर की एंट्री
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इंडिगो के बाद अकासा एयर दूसरी एयरलाइन होगी जो इस नए एयरपोर्ट से अपनी सेवाएं शुरू करेगी। अकासा एयर 16 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बेंगलुरु और नवी मुंबई से जोड़ने वाली डेली फ्लाइट्स शुरू करेगी।

दो बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी
अकासा एयर ने बताया है कि शुरुआती चरण में यह सेवाएं रोजाना संचालित की जाएंगी। एयरलाइन ने संकेत दिए हैं कि आगे चलकर घरेलू ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी अपने नेटवर्क में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही एयरपोर्ट टर्मिनल में कंपनी का एक एमआरओ सेंटर (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहाल) भी स्थापित किया जाएगा।

पहली उड़ान लखनऊ से, बेंगलुरु को जाएगी पहली डिपार्चर फ्लाइट
इंडिगो इस एयरपोर्ट से सबसे पहले लखनऊ और बेंगलुरु के लिए उड़ान शुरू करेगी। जानकारी के अनुसार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली आने वाली फ्लाइट लखनऊ से होगी, जबकि यहां से उड़ान भरने वाली पहली फ्लाइट बेंगलुरु के लिए रवाना होगी।

भविष्य में बढ़ेगा नेटवर्क
अकासा एयर के साथ-साथ इंडिगो भी अपने नेटवर्क का विस्तार करने की तैयारी में है। आने वाले समय में हैदराबाद, अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, जयपुर, नवी मुंबई, पंतनगर और श्रीनगर जैसे शहरों के लिए भी डायरेक्ट फ्लाइट शुरू की जा सकती है। इसके अलावा एयर इंडिया भी जल्द अपनी योजना सामने रख सकती है।

एयरपोर्ट की क्षमता और विकास
फिलहाल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में एक रनवे और एक यात्री टर्मिनल तैयार है, जिसकी सालाना क्षमता करीब 1.2 करोड़ यात्रियों की है। इस एयरपोर्ट को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है और इसे दिल्ली-एनसीआर तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख शहरों और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से जोड़ने वाला बड़ा हब माना जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.