पश्चिम एशिया संकट के बीच पीएम मोदी की बड़ी अपील, बोले- पेट्रोल, डीजल और गैस का करें संयमित इस्तेमाल

0 27

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और गैस का जरूरत के मुताबिक और संयमित इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट और वैश्विक ऊर्जा चुनौतियों को देखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है।

प्रधानमंत्री ने तेलंगाना में करीब 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का डिजिटल माध्यम से शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का सीमित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग न केवल विदेशी मुद्रा की बचत करेगा, बल्कि वैश्विक युद्ध और संकट के असर को कम करने में भी मदद करेगा।

ऊर्जा संकट से निपटने के लिए भारत तैयार- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने ऊर्जा क्षेत्र में बड़े बदलाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा उत्पादन के मामले में भारत दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। साथ ही पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण को लेकर भी देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले सरकार का फोकस देश में शत-प्रतिशत एलपीजी कवरेज सुनिश्चित करने पर था, जबकि अब पाइपलाइन के जरिए सस्ती गैस आपूर्ति और सीएनजी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों की वजह से भारत वैश्विक ऊर्जा संकट का प्रभावी तरीके से सामना कर पा रहा है।

रेवंत रेड्डी को साथ आने का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि विकास कार्यों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने जवाब देते हुए कहा कि वह भी राजनीति की बात नहीं करना चाहते।

उन्होंने कहा, “मैं रेवंत जी से कहना चाहता हूं कि मैं तेलंगाना को उतना ही देने के लिए तैयार हूं, जितना पिछले 10 वर्षों में गुजरात को केंद्र सरकार से मिला। लेकिन यदि ऐसा हुआ तो जो आपको अभी मिल रहा है, वह आधा रह जाएगा। इसलिए बेहतर होगा कि आप मेरे साथ जुड़ जाएं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में अलग-अलग दलों की सरकारें होना गलत नहीं है, लेकिन राज्यों और केंद्र को विकास के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्यों के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है और ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों से ही हासिल किया जा सकता है।

तेलंगाना में तेजी से बढ़ा इंफ्रास्ट्रक्चर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देशभर में आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है और तेलंगाना भी इसका बड़ा उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क दोगुना हो चुका है। वहीं रेलवे क्षेत्र में भी बड़े निवेश किए गए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले अविभाजित आंध्र प्रदेश के लिए रेलवे बजट 1,000 करोड़ रुपये से भी कम हुआ करता था, जबकि अब केवल तेलंगाना के लिए रेलवे बजट 5,500 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में तेलंगाना में करीब 50,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.