गोरखपुर से हैदराबाद के लिए दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी; जानें रूट, ठहराव और पूरा शेड्यूल

0 32

गोरखपुर: दिल्ली और मुंबई के बाद अब गोरखपुर को हैदराबाद के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिली है। रेलवे बोर्ड ने गोरखपुर से हैदराबाद के चेरापल्ली तक नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है। निदेशक कोचिंग, रेलवे बोर्ड संजय आर नीलम ने बुधवार को इसकी मंजूरी का पत्र जारी किया। मंजूरी मिलते ही पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने ट्रेन के संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

यह गोरखपुर से हैदराबाद के लिए पहली सीधी ट्रेन होगी। इससे करीब 1500 यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। फिलहाल रेलवे बोर्ड ने प्रयोग के तौर पर ट्रेन को सप्ताह में एक दिन चलाने की अनुमति दी है। यात्रियों की मांग बढ़ने पर इसके फेरे बढ़ाए जा सकते हैं।

गोरखपुर से हैदराबाद तक पहली सीधी ट्रेन

रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद एनई रेलवे प्रशासन ट्रेन संख्या 22075/22076 के संचालन की तैयारी में जुट गया है। बिहार से चलकर गोरखपुर के रास्ते अभी चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इनमें लखनऊ के रास्ते आनंद विहार से दरभंगा जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस भी शामिल है।

इसके अलावा रेलवे बोर्ड ने दो दिन पहले गोरखपुर से दिल्ली और बांद्रा के लिए भी अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दी थी। रेलवे भविष्य में 24 और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने की तैयारी में है।

अमृत भारत एक्सप्रेस में मिलेंगी ये सुविधाएं

अमृत भारत एक्सप्रेस बिना वातानुकूलित श्रेणी वाली ट्रेन है, जिसे आम यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। टॉक-बैक प्रणाली के जरिए यात्री आपात स्थिति में सीधे लोको पायलट और ट्रेन प्रबंधक से संपर्क कर सकेंगे।

ट्रेन में जैव शौचालय और आरामदायक सीटों की सुविधा भी होगी। 22 डिब्बों वाली यह अमृत भारत एक्सप्रेस अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेगी। इसमें कुल 1834 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

गोरखपुर और हैदराबाद के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव गोंडा, बाराबंकी, गोमतीनगर, लखनऊ सिटी, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, बैतूल, नागपुर, चंदरपुर, बल्लारशाह और काजीपेट स्टेशनों पर होगा।

हैदराबाद से गोरखपुर का शेड्यूल

ट्रेन संख्या 22075 हैदराबाद से गोरखपुर के लिए शुक्रवार को रवाना होगी। यह ट्रेन रात 9:45 बजे हैदराबाद से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

गोरखपुर से हैदराबाद का शेड्यूल

ट्रेन संख्या 22076 गोरखपुर से हैदराबाद के लिए रविवार को रवाना होगी। इसका प्रस्थान सुबह 8 बजे होगा और ट्रेन दूसरे दिन शाम 5 बजे हैदराबाद पहुंचेगी।

दिल्ली और मुंबई के लिए भी गोरखपुर से अमृत भारत को मंजूरी

इससे पहले रेलवे बोर्ड गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई के बांद्रा के लिए भी अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी दे चुका है। गोरखपुर से दिल्ली के बीच ट्रेन संख्या 15095/15096 और गोरखपुर से बांद्रा के बीच ट्रेन संख्या 15085/15086 के संचालन की तैयारी चल रही है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने दोनों ट्रेनों के संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.