UPSSSC का रिजल्ट जारी, 1828 पदों के मुकाबले 1643 अभ्यर्थियों का चयन; सहायक लेखाकार-लेखा परीक्षक परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित

0 25

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्ती प्रक्रिया के तहत युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या-03-परीक्षा/2024 के तहत आयोजित सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। कुल 1828 विज्ञापित पदों के सापेक्ष 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक के साथ अलग-अलग श्रेणियों की कटऑफ सूची भी जारी कर दी है।

सहायक लेखाकार के 668 सामान्य पदों पर 570 चयनित

आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत सहायक लेखाकार के 668 सामान्य चयन पदों के लिए 570 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें 387 अभ्यर्थी अनारक्षित वर्ग, 117 अन्य पिछड़ा वर्ग और 66 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से हैं।

अनुसूचित जाति के 88 और अनुसूचित जनजाति के 10 पदों के लिए संबंधित श्रेणी के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके। इसके चलते इन पदों को नियमानुसार अग्रनीत किया गया है।

950 विशेष चयन पदों पर 866 अभ्यर्थियों का चयन

सहायक लेखाकार के 950 विशेष चयन पदों के सापेक्ष 866 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है। इनमें अनुसूचित जाति के 341, अनुसूचित जनजाति के 12 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 513 अभ्यर्थी शामिल हैं।

महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत विज्ञापित 190 पदों के लिए सभी 190 महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

लेखा परीक्षक के 209 पदों में 206 अभ्यर्थी चयनित

लेखा परीक्षक के 209 सामान्य चयन पदों के सापेक्ष 206 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 96, अनुसूचित जाति के 28, अनुसूचित जनजाति के 4, अन्य पिछड़ा वर्ग के 58 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 20 अभ्यर्थी शामिल हैं।

महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत निर्धारित 41 पदों के लिए सभी 41 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

विधिक सेवा प्राधिकरण के सहायक लेखाकार पद पर भी चयन

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार के एक पद पर भी एक अभ्यर्थी का चयन हुआ है। यह पद अनारक्षित श्रेणी के लिए था।

68 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक

आयोग ने 68 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से अंतिम चयन परिणाम में शामिल किया है। इन अभ्यर्थियों का अंतिम चयन उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले प्रमाण पत्रों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आयोग तथा संबंधित अधियाचनकर्ता विभाग के निर्णय पर निर्भर करेगा।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अंतिम चयन परिणाम संबंधित उच्च न्यायालय में विचाराधीन रिट याचिकाओं और विशेष अपीलों के साथ-साथ भविष्य में दायर होने वाले संबंधित मामलों में पारित होने वाले आदेशों के अधीन रहेगा।

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर सरकार का जोर

प्रदेश सरकार की ओर से सरकारी भर्तियों को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने के साथ चयन आयोगों की ओर से परिणाम भी जारी किए जा रहे हैं। सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक के पदों पर चयन से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा।

वेबसाइट पर उपलब्ध है चयन सूची और कटऑफ

यूपीएसएसएससी ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक और श्रेणीवार कटऑफ सूची अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और चयन से संबंधित विवरण देख सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.