अश्विन तोड़ सकते हैं कुंबले और कपिल का रिकॉर्ड, बुमराह भी रच सकते हैं इतिहास

0 302

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों दो मोर्चों पर एक साथ लोहा ले रही है. भारत की टी20 टीम दक्षिण अफ्रीका (South Africa) को उसके घर में हरा रही है तो टेस्ट टीम ऑस्ट्रेलिया में जीत की हैट्रिक लगाने को तैयार है. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया के साथ-साथ कई क्रिकेटरों के पास भी रिकॉर्ड बनाने के मौके हैं. जैसे रविचंद्रन अश्विन अगर उम्मीद पर खरे उतरे तो ऑस्ट्रेलिया में सबसे अधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन सकते हैं. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से टेस्ट सीरीज खेली जानी है.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी की सरजमीं पर सबसे अधिक विकेट लेने का भारतीय रिकॉर्ड कपिल देव के पास है. कपिल देव ने ऑस्ट्रेलिया में 11 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 24.58 की औसत से 51 विकेट लिए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 61.5 रहा है. अनिल कुंबले ने ऑस्ट्रेलिया में 10 टेस्ट मैच खेले हैं. उन्होंने इन मैचों में 37.73 की औसत और 65.30 की स्ट्राइक रेट से 49 विकेट लिए हैं.

रविचंद्रन अश्विन ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय हैं. उन्होंने अब तक ऑस्ट्रेलिया में 10 टेस्ट मैच खेलकर 39 विकेट झटके हैं. अश्विन ने इन मैचों में 42.15 की औसत से विकेट निकाले हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 86.20 रहा, जो कपिल देव और अनिल कुंबले के मुकाबले काफी ज्यादा है. यह उनके करियर स्ट्राइक रेट (50.6) से भी बहुत ज्यादा है.

ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में जसप्रीत बुमराह (32) पांचवें नंबर पर हैं. अगर बुमराह अपनी शानदार लय में बॉलिंग करते हैं तो वे भी ऑस्ट्रेलिया में अपने 50 विकेट पूरे कर सकते हैं. बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया में औसतन हर मैच में 5 से ज्यादा विकेट लिए हैं. अगर यही औसत रहा तो वे 25 से ज्यादा विकेट ले सकते हैं.

बुमराह और अश्विन की कामयाबी पर भारत की जीत-हार काफी हद तक निर्भर करेगी. यकीनन, भारतीय फैंस दुआ करेंगे कि अश्विन और बुमराह दोनों खूब विकेट झटकें ताकि भारत की जीत का रास्ता आसान हो सके. लेकिन ऐसा तभी होगा जब बैटर भी बॉलर्स का पूरा साथ दें. हाल ही में भारत को न्यूजीलैंड ने 3-0 से हराया. भारत की इस हार में बैटर्स सबसे ज्यादा जिम्मेदार थे.

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.