5 अगस्त आखिरी मौका! मत्स्य विभाग की कई योजनाओं के लिए आवेदन शुरू, मत्स्य पालकों को मिलेगा सरकारी लाभ

0 19

गौतमबुद्धनगर: मत्स्य पालन से जुड़े लोगों के लिए अच्छी खबर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत मत्स्य विभाग की राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं में आवेदन की प्रक्रिया जारी है। सहायक मत्स्य निरीक्षक हरीशंकर त्रिपाठी ने बताया कि इच्छुक मत्स्य पालक और पात्र आवेदक 5 अगस्त 2026 तक विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इन योजनाओं में मिलेगा आवेदन का अवसर

मत्स्य विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, सघन मत्स्य पालन के लिए एरेशन सिस्टम स्थापना योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण परियोजना, श्रेणी-1, 2 और 3 के जलाशय वाले जनपदों में केज स्थापना, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना और विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना सहित कई योजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी

विभाग ने बताया कि सभी योजनाओं की इकाई लागत, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवेदन के साथ लगाए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों का पूरा विवरण विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। आवेदकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी गई है।

पुराने आवेदकों को भी मिला दोबारा मौका

मत्स्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन आवेदनों को पिछले वर्षों में किसी कारणवश निरस्त कर दिया गया था या जो अभी तक लंबित हैं, ऐसे आवेदक भी दोबारा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने यह भी बताया कि भविष्य में यदि किसी योजना के प्रावधानों में संशोधन किया जाता है तो संशोधित नियम ही प्रभावी माने जाएंगे।

कार्यालय से भी ले सकते हैं जानकारी

योजनाओं से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्य दिवसों में सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय, कक्ष संख्या-305, द्वितीय तल, विकास भवन, गौतमबुद्धनगर में संपर्क कर सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.