कानपुर डबल मर्डर केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी एनकाउंटर में घायल; दोनों पैरों में लगी गोली

0 25

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में मामूली बाइक टक्कर से शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। पिता-पुत्र की बेरहमी से हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सोमवार तड़के मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी करण वर्मा के दोनों पैरों में गोली लगी है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई में करण वर्मा के साथ उज्ज्वल अवस्थी और समीर गौतम को भी गिरफ्तार किया गया है।

सुबह 4:30 बजे पुलिस और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में फरार आरोपी हमीरपुर रोड की तरफ भागने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी।

बताया गया कि जब पुलिस ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान मुख्य आरोपी करण वर्मा ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें करण के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया।

पूछताछ में सामने आ रहे कई अहम खुलासे

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वारदात से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी अपने साथी समीर गौतम की मदद से शहर से बाहर निकलने की योजना बना रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मामूली बाइक टक्कर के बाद शुरू हुआ खूनी विवाद

यह सनसनीखेज वारदात रविवार रात यशोदा नगर बाईपास इलाके में हुई थी। पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा के मुताबिक चकेरी थाना क्षेत्र के कोयला नगर स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी शिवनारायण तिवारी अपने दोनों बेटों शिवम और सत्यम के साथ काम खत्म कर घर लौट रहे थे।

तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। जैसे ही वे विराट नगर स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस के पास पहुंचे, तभी शराब ठेके के पास से निकले अपाचे बाइक सवार युवकों की बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।

ईंट, हेलमेट और चाकू से किया गया हमला

आरोपियों ने पहले हेलमेट और लात-घूंसों से हमला किया, फिर ईंटों और चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में शिवनारायण तिवारी और उनके दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने एक आरोपी शिवा वर्मा को पकड़ लिया और उसकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पिता-पुत्र की मौत, दूसरे बेटे की हालत गंभीर

घटना के बाद घायलों को तत्काल हैलट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवनारायण तिवारी और उनके बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे बेटे सत्यम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

डॉक्टरों के मुताबिक मृतकों के सीने, पेट और चेहरे पर चाकू के कई गहरे घाव मिले हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पत्नी सुधा त्रिवेदी ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.