22 राज्यों पर बारिश का बड़ा अलर्ट, यूपी-बिहार में मूसलाधार बरसात की चेतावनी; जानिए दिल्ली समेत पूरे देश का मौसम हाल

0 17

नई दिल्ली: देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है और कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने देश के 22 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में विशेष रूप से उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल राहत की बारिश के आसार बेहद कम हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों के दौरान बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों, जिनमें असम और मेघालय शामिल हैं, में बहुत भारी बारिश हो सकती है। दूसरी ओर आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में 15 जुलाई तक गर्म हवाएं चलने की आशंका है, जबकि ओडिशा और तमिलनाडु में गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

इन 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, सिक्किम, असम समेत कुल 22 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक की भी आशंका है।

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश की उम्मीद कम

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 14 से 18 जुलाई के बीच बारिश की संभावना काफी कम बताई गई है। हालांकि इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

यूपी और बिहार में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 14 और 15 जुलाई को बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 19 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में 14 से 19 जुलाई तक बारिश का अनुमान है। विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

झारखंड में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

झारखंड में 14 से 17 जुलाई तक अच्छी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

पर्वतीय राज्यों में भी बढ़ेगा बारिश का असर

उत्तराखंड में 15 से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 जुलाई को आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में भी इसी अवधि के दौरान तेज हवाओं और भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान में फिलहाल राहत

राजस्थान में 14 जुलाई को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य के लिए किसी प्रकार का बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.