मिडिल ईस्ट में बढ़ा युद्ध का दायरा! हूती विद्रोहियों का सऊदी पर मिसाइल-ड्रोन हमला, क्षेत्र में तनाव चरम पर

0 18

मिडिल ईस्ट: अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के बीच अब पश्चिम एशिया में एक नया मोर्चा खुलता दिखाई दे रहा है। यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब ने सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बमबारी की, जिसके जवाब में हूती बलों ने सऊदी अरब के अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया। इस घटनाक्रम के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

सोमवार को यमन की राजधानी सना स्थित हवाई अड्डे पर कई धमाकों की खबर सामने आई। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का आरोप है कि यह हमला सऊदी अरब की ओर से किया गया। हूती के सैटेलाइट चैनल अल-मसीराह टीवी ने भी हमलों और विस्फोटों से जुड़े दृश्य प्रसारित किए। हालांकि, सऊदी अरब की ओर से अब तक इस कथित एयरस्ट्राइक पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है और न ही हमले की जिम्मेदारी स्वीकार की गई है।

हमले के पीछे क्या बताया गया कारण?

यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का कहना है कि यह कार्रवाई एक ईरानी विमान को सना हवाई अड्डे पर उतरने से रोकने के उद्देश्य से की गई थी। सरकार के रक्षा मंत्री जनरल ताहिर अल-अकीली के अनुसार, विमान में हूती प्रतिनिधिमंडल सवार था, जो ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहा था। उनका दावा है कि विमान को रोकने के लिए रनवे को निशाना बनाया गया।

वहीं हूती विद्रोहियों का कहना है कि संबंधित विमान ने अपना मार्ग बदल लिया और होदेइदाह हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। इस हमले के बाद सना हवाई अड्डे को हुए नुकसान की तत्काल कोई पुष्टि नहीं हुई है।

हूती बोले- हमलों का मिलेगा करारा जवाब

हूती विद्रोहियों ने कहा है कि सना हवाई अड्डे पर हुए हमले का जवाब दिया गया है और आगे भी जवाबी कार्रवाई जारी रह सकती है। विद्रोहियों का दावा है कि उन्होंने सऊदी अरब के अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को कई बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन के जरिए निशाना बनाया।

एयरलाइंस को दी हवाई क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी

हूती प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने कहा कि सऊदी अरब की कार्रवाई के जवाब में सैन्य अभियान चलाया गया, जिसमें बैलिस्टिक मिसाइलों और मानव रहित विमानों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दावा किया कि अभियान अपने निर्धारित लक्ष्यों तक पहुंचने में सफल रहा।

प्रवक्ता ने सभी एयरलाइंस को सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र के ऊपर से उड़ान भरने से बचने की चेतावनी भी दी। उनका कहना है कि जब तक सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगी नाकेबंदी समाप्त नहीं होती, तब तक इस चेतावनी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

बढ़ सकता है क्षेत्रीय तनाव

सना और अभा हवाई अड्डों को लेकर हुए इस घटनाक्रम ने पश्चिम एशिया में पहले से जारी तनाव को और गहरा कर दिया है। अमेरिका, ईरान, यमन और सऊदी अरब से जुड़े हालात पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी करीबी नजर रखी जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.