नई दिल्ली: उद्योगपति गौतम अदाणी की कंपनी अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (Adani Ports and Special Economic Zone) में बड़ा प्रबंधन बदलाव हुआ है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रणव चौधरी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक वह 31 मई 2026 तक अपने पद पर बने रहेंगे, जबकि 1 जून 2026 से नीरज बंसल नए CEO के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे।
एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी
कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि नीरज बंसल को पूर्णकालिक रोजगार अनुबंध के तहत CEO Ports नियुक्त किया गया है। वह 1 जून से आधिकारिक तौर पर पदभार ग्रहण करेंगे।
अदाणी समूह ने कहा कि नीरज बंसल सार्वजनिक सेवा और पोर्ट सेक्टर में लंबे अनुभव के साथ नई जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में पोर्ट कारोबार को नई दिशा मिलेगी।
शेयर बाजार में भी दिखा असर
इस बड़े बदलाव के बीच सोमवार को अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। कंपनी का शेयर पिछले बंद भाव 1,767.30 रुपये के मुकाबले गिरकर 1,752 रुपये पर खुला और कारोबार के दौरान 1,733.60 रुपये के निचले स्तर तक पहुंच गया।
2022 से अदाणी समूह के साथ जुड़े हैं नीरज बंसल
नीरज बंसल अक्टूबर 2022 से अदाणी समूह का हिस्सा हैं। फिलहाल वह महाराष्ट्र में CEO न्यू पोर्ट प्रोजेक्ट डेवलपमेंट के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह हजीरा पोर्ट का नेतृत्व भी कर चुके हैं।
इसके अलावा 2014 से 2019 के बीच उन्होंने जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (JNPT) में डिप्टी चेयरमैन और चेयरमैन-इन-चार्ज के तौर पर जिम्मेदारी निभाई थी।
JNPT में बनाया था रिकॉर्ड
कंपनी की फाइलिंग के मुताबिक, नीरज बंसल के कार्यकाल में वित्त वर्ष 2018 के दौरान JNPT ने रिकॉर्ड 66 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो हैंडल किया था।
27 साल तक सरकारी सेवा में रहे
अदाणी समूह में शामिल होने से पहले नीरज बंसल भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में 27 साल से अधिक समय तक सेवाएं दे चुके हैं। वह आयकर आयुक्त के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर निजी क्षेत्र में आए थे।