CAPF भर्ती में बड़ा बदलाव! SSB के नए नियम लागू, पूर्व अग्निवीरों के लिए 50% कांस्टेबल पद आरक्षित, दो चरणों में होगी भर्ती
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा बदलाव किया है। गृह मंत्रालय ने सशस्त्र सीमा बल (कॉम्बैटाइज्ड जनरल ड्यूटी) ग्रुप ‘सी’ भर्ती नियम, 2026 अधिसूचित कर दिए हैं। नए नियमों के तहत हर भर्ती वर्ष में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के 50 प्रतिशत पद पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित रहेंगे। इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया, आयु सीमा और चयन से जुड़े कई नए प्रावधान भी लागू किए गए हैं।
दो चरणों में होगी भर्ती प्रक्रिया
नए नियमों के अनुसार पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित पदों पर भर्ती दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में नोडल बल केवल पूर्व अग्निवीरों के लिए निर्धारित 50 प्रतिशत रिक्तियों पर भर्ती करेगा। इसके बाद दूसरे चरण में शेष 50 प्रतिशत पदों और पहले चरण में खाली रह गई रिक्तियों को खुली प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से भरा जाएगा।
2011 के नियमों की जगह लागू हुए नए प्रावधान
गृह मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक, वर्ष 2011 के भर्ती नियमों को अब 2026 के नए नियमों से प्रतिस्थापित कर दिया गया है। ये नियम सशस्त्र सीमा बल अधिनियम, 2007 के तहत लागू किए गए हैं और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (जनरल ड्यूटी), हेड कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) तथा कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के पदों पर भर्ती को नियंत्रित करेंगे।
पूर्व अग्निवीरों को आयु सीमा में भी मिलेगी छूट
नए प्रावधानों के तहत पूर्व अग्निवीरों के पहले बैच के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष तक की छूट मिलेगी। वहीं बाद के बैच के उम्मीदवारों को अधिकतम तीन वर्ष की आयु छूट का लाभ दिया जाएगा।
लिखित परीक्षा और शारीरिक परीक्षण से भी राहत
भर्ती नियमों में निर्धारित शर्तों के अनुसार पात्र पूर्व अग्निवीरों को लिखित परीक्षा, शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) से भी छूट दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रशिक्षित पूर्व अग्निवीरों की भर्ती को सरल बनाना और बल में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
पहले भी किया जा चुका है आरक्षण का ऐलान
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने हाल ही में लोकसभा में जानकारी दी थी कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और असम राइफल्स में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) और राइफलमैन पदों की भर्ती के लिए पूर्व अग्निवीरों की अलग श्रेणी बनाई गई है। इसके तहत 50 प्रतिशत पद आरक्षित रखने और आयु सीमा में छूट देने का प्रावधान किया गया है।
एसएसबी में पदों की संख्या भी तय
अधिसूचना के अनुसार एसएसबी में 5,886 असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (जनरल ड्यूटी), 13,358 हेड कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) और 54,109 कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) पद निर्धारित किए गए हैं। हालांकि प्रशासनिक आवश्यकता और कार्यभार के आधार पर इनकी संख्या में बदलाव किया जा सकता है।
क्या है शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) पद पर सीधी भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। उम्मीदवारों को केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित शारीरिक और चिकित्सीय मानकों को पूरा करना होगा तथा उन्हें SHAPE-I मेडिकल श्रेणी में होना आवश्यक होगा।