बेंगलुरु: आईपीएल 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम ने 13 मैचों में 18 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया है और सबसे पहले प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस बीच टीम के फैंस के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है, जिसने प्लेऑफ से पहले RCB की ताकत और बढ़ा दी है।
टीम के स्टार ओपनर फिल सॉल्ट की वापसी का रास्ता अब साफ हो गया है। चोट के कारण पिछले एक महीने से बाहर चल रहे सॉल्ट अब फिर से टीम से जुड़ने जा रहे हैं।
चोट के चलते एक महीने से थे बाहर
फिल सॉल्ट ने अपना आखिरी मुकाबला 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बेंगलुरु में खेला था। उसी मैच के दौरान बाउंड्री पर डाइव लगाते समय उनकी बाईं उंगली में चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें आईपीएल 2026 से बाहर होना पड़ा। चोट के इलाज और रिकवरी के लिए वह पिछले एक महीने से अपने परिवार के साथ इंग्लैंड में समय बिता रहे थे।
अब ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, सॉल्ट इस सप्ताह के अंत तक भारत लौट सकते हैं और टीम से दोबारा जुड़ने की संभावना है।
लीग स्टेज के आखिरी मैच में वापसी की उम्मीद
आरसीबी पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है और नेट रन रेट में बड़े बदलाव की संभावना कम है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि टीम 26 मई को धर्मशाला में होने वाले क्वालिफायर 1 में भी पहुंच सकती है।
हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि फिल सॉल्ट 22 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लीग स्टेज के आखिरी मुकाबले में खेल पाएंगे या नहीं। माना जा रहा है कि टीम प्लेऑफ के बेहद करीब पहुंचकर किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहेगी।
सॉल्ट की गैरमौजूदगी में खुला था ओपनिंग स्लॉट
फिल सॉल्ट की अनुपस्थिति में जैकब बेथेल को विराट कोहली के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन वह अब तक प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं। बेथेल ने सात पारियों में सिर्फ 96 रन बनाए हैं।
हालांकि, हालिया मुकाबले में वेंकटेश अय्यर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद 73 रन की पारी खेलकर ओपनिंग विकल्पों को लेकर टीम मैनेजमेंट के सामने एक नई दावेदारी जरूर पेश कर दी है।
अब देखना होगा कि प्लेऑफ से पहले फिल सॉल्ट की वापसी आरसीबी की बल्लेबाजी को कितना मजबूत बनाती है।