मेरठ प्रभार में आबकारी विभाग की बड़ी समीक्षा बैठक, पीओएस सिस्टम और बिक्री पारदर्शिता पर सख्त निर्देश

0 9

गौतमबुद्धनगर: आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश डॉ. आदर्श सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मेरठ प्रभार के आबकारी विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेरठ प्रभार से जुड़े सभी जिलों के आबकारी अधिकारियों और जनपद गौतमबुद्धनगर में तैनात निरीक्षकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विभागीय कार्यों की समीक्षा के साथ राजस्व वृद्धि, मदिरा बिक्री में पारदर्शिता और नियमों के सख्त अनुपालन को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए।

पीओएस मशीन से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी फुटकर अनुज्ञापनों पर पीओएस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही थोक अनुज्ञापन, बीआईओ, बॉन्ड, बार अनुज्ञापन और प्रीमियम वेंड्स पर प्राप्त मदिरा का पूरा स्टॉक इन करते हुए केवल पीओएस प्रणाली के माध्यम से ही बिक्री करने पर जोर दिया गया। निर्देशों का पालन न करने की स्थिति में संबंधित आबकारी निरीक्षक और अनुज्ञापन धारकों पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

विदेशी मदिरा के स्टॉक और सप्लाई पर निगरानी के निर्देश

आबकारी आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में संचालित बीआईओ और बीडब्ल्यूएफएल-2ए, 2बी और 2सी अनुज्ञापनों पर अन्य राज्यों से आने वाली मदिरा के स्टॉक का नियमित निरीक्षण किया जाए। साथ ही कस्टम बॉन्ड से मदिरा की निकासी को निर्धारित नियमों और प्रावधानों के अनुसार सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

मॉडल शॉप और कंपोजिट दुकानों के संचालन पर जोर

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि कंपोजिट दुकानों से मॉडल शॉप में परिवर्तित सभी दुकानों का संचालन पूरी तरह नियमों के अनुरूप किया जाए। इसके साथ ही सभी जिलों में फुटकर मदिरा दुकानों की निर्धारित न्यूनतम प्रत्याभूत मात्रा, कंपोजिट दुकानों में अंग्रेजी मदिरा के न्यूनतम गारंटीड राजस्व और बीयर के त्रैमासिक एमजीआर की समयबद्ध निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत

आबकारी आयुक्त ने स्पष्ट किया कि देशी मदिरा दुकानों पर केवल निर्धारित मदिरा की ही बिक्री होनी चाहिए। यदि किसी भी दुकान पर नियमों का उल्लंघन कर अन्य प्रकार की मदिरा परोसी या बेची जाती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रीमियम वेंड और नए आउटलेट बढ़ाने पर जोर

बैठक में नोएडा और गाजियाबाद के सभी मॉल्स में प्रीमियम रिटेल वेंड अनुज्ञापन के विस्तार के प्रयास करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लो-अल्कोहलिक बार्स और प्रीमियम रिटेल वेंड्स के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि इन प्रतिष्ठानों में अन्य राज्यों की मदिरा का उपयोग न हो।

इसके अलावा मॉडल शॉप और कंपोजिट दुकानों पर बीआईओ ब्रांड के साथ-साथ इंडियन मेड प्रीमियम ब्रांड की उपलब्धता बढ़ाने और बिग बाजार, स्पेंसर तथा अन्य हाइपर मार्केट्स में नई प्रीमियम रिटेल वेंड स्थापित करने की दिशा में भी कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में रहे अधिकारी मौजूद

बैठक में संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन, उप आबकारी आयुक्त मेरठ प्रभार, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर के जिला आबकारी अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और निरीक्षक उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.