यूपी में मौसम का बड़ा अलर्ट: लखनऊ-कानपुर समेत कई जिलों में अगले 3 घंटे भारी बारिश और आंधी के आसार, IMD ने जारी की चेतावनी

0 110

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र ने गुरुवार को नाउकास्ट चेतावनी जारी करते हुए अगले तीन घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कुछ जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार चित्रकूट, बांदा, कानपुर नगर, आजमगढ़, अंबेडकर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, बहराइच और लखीमपुर खीरी सहित आसपास के क्षेत्रों में अगले तीन घंटे के दौरान भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है।

कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश के आसार

गाजीपुर, बलिया, हमीरपुर, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, मऊ, अयोध्या, गोरखपुर, संत कबीर नगर और बस्ती समेत आसपास के जिलों में मध्यम से तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, महोबा, जालौन, मैनपुरी, एटा, कासगंज, कुशीनगर, देवरिया, पीलीभीत, अलीगढ़, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद और बिजनौर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिर सकती है।

17 जुलाई के बाद और सक्रिय होगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर अगले 48 घंटे में उत्तर प्रदेश पर दिखाई देगा। इसके प्रभाव से 17 जुलाई के बाद प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि व्यापक वर्षा के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है।

विभाग ने बताया कि मानसून की ट्रफ लाइन सामान्य स्थिति से तराई क्षेत्र की ओर खिसकी हुई है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां लगातार बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग की लोगों से अपील

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि बिजली चमकने या गिरने की आशंका के समय खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवाओं के दौरान कच्चे मकानों और होर्डिंग्स से दूरी बनाए रखें। साथ ही वाहन सावधानी से चलाएं और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.