Bihar Weather Update: बिहार में मानसून सुस्त, उमस से बढ़ी परेशानी; 5 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

0 102

पटना: बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। सामान्य से कम बारिश होने के कारण राजधानी पटना समेत कई जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक सामान्य से 55 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, पांच जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

सामान्य से 55 प्रतिशत कम हुई बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, 6 जुलाई तक बिहार में सामान्य वर्षा का मानक 230.1 मिमी है, जबकि अब तक केवल 103 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित नहीं होने के कारण मानसून को पर्याप्त मजबूती नहीं मिल सकी है। यही वजह है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में केवल हल्की और छिटपुट बारिश हो रही है।

इन पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बांका, भागलपुर, पश्चिमी चंपारण, कटिहार और किशनगंज जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों के लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पटना समेत कई जिलों में उमस बरकरार

राजधानी पटना में दिनभर धूप और बादलों की आवाजाही के बीच उमस बनी रही। शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने से मौसम में आंशिक राहत मिली। पटना का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राज्य में सबसे अधिक 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान वाल्मीकि नगर में रिकॉर्ड किया गया।

भागलपुर में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज

बीते 24 घंटों के दौरान भागलपुर में सबसे अधिक 47.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बेगूसराय के साहेबपुर कमाल में 41.2 मिमी, खगड़िया के गोगरी में 34.2 मिमी, नवादा के कौआकोल में 30.2 मिमी और बेगूसराय के बरौनी में 28.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। गया के अतरी में 25.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.