नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों से विमानों को खतरा! प्रशासन अलर्ट, जलभराव रोकने और पशु प्रबंधन के लिए दिए गए सख्त निर्देश

0 19

ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों और अन्य जीवों की गतिविधियों से विमानों को होने वाले संभावित खतरे को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में एयरफील्ड एनवायरनमेंट मैनेजमेंट कमेटी (एईएमसी) की वर्चुअल बैठक हुई। इसमें एयरपोर्ट क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने और पक्षियों व पशुओं के विमानों से टकराने की आशंका कम करने के उपायों की समीक्षा की गई।

विमानों से पक्षियों के टकराने का जोखिम कम करने पर जोर

बैठक में एयरपोर्ट और उसके आसपास पक्षियों तथा अन्य जीवों की आवाजाही से जुड़े संभावित जोखिमों पर चर्चा हुई। समिति ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से जरूरी कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि विमान संचालन के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

जलभराव रोकने के लिए YEIDA और सिंचाई विभाग को निर्देश

एयरपोर्ट के आसपास जलभराव की समस्या को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) और सिंचाई विभाग को लंबित जल निकासी कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। प्रशासन का जोर ऐसे प्रभावी उपाय करने पर रहा, जिनसे जलभराव के कारण पक्षियों और अन्य जीवों के एकत्र होने की आशंका कम हो सके।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के जरिए बताईं चुनौतियां

बैठक का संचालन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) ने किया। इस दौरान एयरपोर्ट अधिकारियों ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से उन विभिन्न कारकों की जानकारी दी, जो क्षेत्र में पक्षियों और अन्य जीवों की गतिविधियों को प्रभावित करते हैं।

स्वच्छता और पशु प्रबंधन व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

समिति ने संबंधित विभागों को एयरपोर्ट के आसपास स्वच्छता, जल निकासी और पशु प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में यीडा, जिला सिंचाई विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस और नगर पंचायत समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.