अर्चना पूरन सिंह के घर आईं ‘छोटी बहू’, आयुष्मान ने गोद में उठाकर कराया समीक्षा शेट्टी का ग्रैंड गृहप्रवेश
मुंबई: अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह इन दिनों अपने फैमिली व्लॉग्स को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। उनके वीडियोज में अक्सर पति परमीत सेठी और बेटे आर्यमन-आयुष्मान के साथ मस्ती और फैमिली बॉन्डिंग देखने को मिलती है। अब सेठी परिवार का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें छोटे बेटे आयुष्मान की गर्लफ्रेंड समीक्षा शेट्टी का परिवार में खास अंदाज में स्वागत किया गया।
वीडियो में समीक्षा शेट्टी को सेठी परिवार के घर शिफ्ट होते देखा गया, जहां उनका गृहप्रवेश बेहद फिल्मी और मजेदार अंदाज में हुआ।
समीक्षा शेट्टी ने सेठी हाउस में किया शिफ्ट
आर्यमन के नए व्लॉग में समीक्षा शेट्टी के शिफ्टिंग डे की झलक दिखाई गई। वीडियो की शुरुआत में आर्यमन, योगिता बिहानी और आयुष्मान के साथ समीक्षा के पुराने घर पहुंचते हैं, जहां से उनका सामान पैक किया जाता है।
इस दौरान समीक्षा अपनी कॉफी मशीन उठाते हुए मजाक में कहती हैं, “ये दहेज है।” उनकी यह बात सुनकर सभी हंस पड़ते हैं। आर्यमन भी मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि यह देखकर उनके पिता परमीत सेठी बहुत खुश होंगे।
आयुष्मान ने गोद में उठाकर कराया गृहप्रवेश
जब सभी लोग सामान लेकर सेठी हाउस पहुंचते हैं तो वहां एक बेहद खास पल देखने को मिलता है। आयुष्मान फिल्मी स्टाइल में समीक्षा को गोद में उठा लेते हैं और उन्हें घर के अंदर लेकर जाते हैं।
बालकनी में खड़ी अर्चना पूरन सिंह यह नजारा देखकर खुशी से तालियां बजाने लगती हैं। वहीं योगिता बिहानी और आर्यमन भी इस पल को एंजॉय करते नजर आते हैं।
आर्यमन मजाक में कहते हैं, “मेरा छोटा भाई कितना खुश दिख रहा है, उसे बहुत बधाई।”
परमीत सेठी की परंपरा को दोहराया
वीडियो में समीक्षा बताती हैं कि आयुष्मान को उन्हें गोद में उठाकर घर में लाने का आइडिया उनके पिता परमीत सेठी से मिला।
इसके बाद परिवार बताता है कि जब परमीत सेठी और अर्चना पूरन सिंह की शादी हुई थी, तब परमीत ने अर्चना को गोद में उठाकर चार मंजिल तक सीढ़ियां चढ़ी थीं। आयुष्मान ने उसी खास पल को दोहराने की कोशिश की।
यह सुनते ही परिवार के सभी लोग हंसने लगते हैं और माहौल पूरी तरह हल्का-फुल्का हो जाता है।
समीक्षा के लिए खाली की गई अलमारी
व्लॉग में आगे आयुष्मान और समीक्षा के नए कमरे की भी झलक दिखाई गई, जिसे हाल ही में रेनोवेट किया गया है।
आयुष्मान बताते हैं कि उन्होंने समीक्षा के लिए अपनी अलमारी भी खाली कर दी है। इस दौरान आर्यमन मजाक में कहते हैं कि आयुष्मान ने कमरे के रेनोवेशन पर इतने पैसे खर्च कर दिए हैं, जितना उन्होंने पूरे घर के रेनोवेशन में नहीं किया।
आर्यमन ने यह भी बताया कि जिस घर का वह रेनोवेशन करवा रहे हैं, वह उनके माता-पिता की ओर से उन्हें गिफ्ट किया गया है।