मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना: यूपीएससी, पीसीएस, नीट और जेईई की निःशुल्क कोचिंग के लिए विषय विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित

0 26

गौतमबुद्धनगर: मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने के लिए गौतमबुद्धनगर में विषय विशेषज्ञों, अतिथि व्याख्याताओं और प्रवक्ताओं के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला समाज कल्याण विभाग ने यूपीएससी, यूपीपीसीएस, पीसीएस-जे, नीट और जेईई की कोचिंग के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे हैं।

यूपीएससी और पीसीएस-जे के लिए इन विषयों के विशेषज्ञों की जरूरत
जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि सिविल सेवा एवं न्यायिक सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए भूगोल, इतिहास, भारतीय समाज, भारतीय राजव्यवस्था एवं गवर्नेन्स, अंतरराष्ट्रीय संबंध, भारतीय अर्थव्यवस्था, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन, आंतरिक सुरक्षा, नीतिशास्त्र, यूपीपीसीएस पेपर-5, यूपीपीसीएस पेपर-6, हिन्दी, सी-सैट और करेंट अफेयर्स विषयों के विशेषज्ञों की आवश्यकता है।

इन पदों के लिए विश्वविद्यालयों और राजकीय डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों के साथ-साथ आईएएस मुख्य परीक्षा, पीसीएस साक्षात्कार या दो बार पीसीएस मुख्य परीक्षा में शामिल हो चुके अभ्यर्थियों को चयन समिति की संस्तुति के आधार पर प्राथमिकता दी जाएगी।

नीट और जेईई कोचिंग के लिए भी आवेदन आमंत्रित
नीट एवं जेईई परीक्षाओं की तैयारी के लिए बॉटनी, जूलॉजी, फिजिक्स, केमिस्ट्री और गणित विषयों के विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाएगी। नीट के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से एमएससी अथवा एमबीबीएस और जेईई के लिए प्रथम श्रेणी से एमएससी अथवा एमटेक डिग्री अनिवार्य होगी। चयनित अभ्यर्थियों को अतिथि व्याख्याता के रूप में पैनल में शामिल किया जाएगा।

15 जून तक जमा किए जा सकेंगे आवेदन
इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र, सीवी, अनुभव प्रमाण पत्र तथा शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियों के साथ 15 जून 2026 तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा के कक्ष संख्या 116 एवं 117 में जमा कर सकते हैं।

प्रति व्याख्यान मिलेगा 2,000 रुपये मानदेय
विभाग के अनुसार चयनित अतिथि व्याख्याताओं, प्रवक्ताओं और विषय विशेषज्ञों को 90 मिनट के प्रत्येक व्याख्यान के लिए 2,000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इम्पैनलमेंट और पर्यवेक्षण की प्रक्रिया शासनादेश के तहत गठित समिति द्वारा पूरी की जाएगी।

अधिक जानकारी के लिए संपर्क
योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के कोर्स को-ऑर्डिनेटर दिपांशु सिंह से संपर्क कर सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.