गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 के कार्य में लापरवाही और सहयोग न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नोएडा प्राधिकरण की ओर से पुलिस को पत्र भेजकर उन कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया है, जिन्हें प्रगणक के रूप में नियुक्त किया गया था, लेकिन उन्होंने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया।
राष्ट्रीय महत्व के कार्य में असहयोग का आरोप
प्राधिकरण के अनुसार जनगणना-2027 का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। नियुक्त कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी आवंटित की गई थी, लेकिन कई कर्मचारियों ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया। प्रशासन का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया तथा जिनके व्हाट्सएप सक्रिय थे, उन्हें ड्यूटी से संबंधित दस्तावेज भी भेजे गए, लेकिन उन्होंने उन्हें स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग
प्राधिकरण ने अपने पत्र में कहा है कि संबंधित कर्मचारियों ने जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के शासकीय कार्य के प्रति असहयोगात्मक रवैया अपनाया है। ऐसे में जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा-5 और धारा-11 के तहत प्रदत्त नियुक्ति ग्रहण करने से इंकार करने के आधार पर उनके खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध
इस संबंध में पुलिस प्रशासन को भेजे गए पत्र में संबंधित कर्मचारियों की सूची भी संलग्न की गई है। अधिकारियों ने अनुरोध किया है कि सूचीबद्ध कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कई अधिकारियों को भेजी गई प्रतिलिपि
मामले की जानकारी मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिलाधिकारी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला जनगणना अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। वहीं संबंधित विभागों से कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है।