हाजीपुर में हवा में रुका मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हेलिकॉप्टर, VIP क्षेत्र खाली कराते ही मचा हड़कंप

0 21

नई दिल्ली: बिहार के हाजीपुर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी उस समय चर्चा में आ गए, जब कार्यक्रम से लौटते वक्त उनका हेलिकॉप्टर उड़ान भरने के बाद करीब चार मिनट तक हवा में एक ही स्थान पर मंडराता रहा। इस दौरान हेलिकॉप्टर लगभग 150 फीट की ऊंचाई पर पहुंचा, लेकिन आगे बढ़ने के बजाय वहीं रुका रहा। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलिकॉप्टर ने कुछ देर तक हवा में दिशा भी बदली और ऐसा प्रतीत हुआ कि वह दोबारा हेलीपैड की ओर लौट सकता है। इस स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल एहतियात बरतते हुए वीआईपी क्षेत्र और हेलीपैड के आसपास मौजूद लोगों को वहां से हटाना शुरू कर दिया।

रूट क्लीयरेंस नहीं मिलने से रुकी उड़ान

करीब चार मिनट तक हवा में मंडराने के बाद हेलिकॉप्टर ने दोबारा आगे की उड़ान भरी और हाजीपुर से अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर के कुछ समय तक एक ही स्थान पर रहने की वजह उड़ान मार्ग की पुष्टि नहीं होना बताया गया। आवश्यक रूट क्लीयरेंस मिलने के बाद ही हेलिकॉप्टर ने आगे का सफर शुरू किया।

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे हाजीपुर

मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी का यह पहला हाजीपुर दौरा था। उनके स्वागत के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला निबंधन कार्यालय में पेपरलेस निबंध व्यवस्था सहित कई नई पहलों का शुभारंभ किया। इनका उद्देश्य लोगों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

आधुनिक तकनीक के उपयोग पर दिया जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासनिक कार्यों में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित व्यवस्था से सरकारी सेवाएं अधिक पारदर्शी, तेज और आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाई जा सकती हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.