आज फिर अयोध्या पहुंचेंगे सीएम योगी, 432 करोड़ की 217 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

0 15

अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक बार फिर अयोध्या दौरे पर रहेंगे। एक महीने से भी कम समय में उनका यह दूसरा अयोध्या दौरा होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री 432 करोड़ 70 लाख 9 हजार रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वह बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक अमित सिंह चौहान के पिता स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे।

131 परियोजनाओं का शिलान्यास, 86 का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर विकासखंड सोहावल पहुंचेंगे, जहां जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे वह बस्ती के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम के तहत 269 करोड़ 39 लाख 22 हजार रुपये की 131 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, जबकि 163 करोड़ 30 लाख 87 हजार रुपये की लागत से तैयार 86 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा।

इन प्रमुख परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला

शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में बीकापुर तहसील के मऊ में वृहद गो संरक्षण केंद्र का निर्माण, नगर पंचायत बीकापुर की पेयजल एवं गृह संयोजन योजना तथा नगर पंचायत सुचितागंज (खिरौनी) की पेयजल एवं गृह संयोजन योजना शामिल हैं। इसके साथ ही एकीकृत विकास योजना के तहत विकासखंड सोहावल के ग्राम सुरवारी में सामुदायिक केंद्र भवन का निर्माण, कम्पोजिट विद्यालय अर्थर का उच्चीकरण एवं आधुनिकीकरण तथा विकासखंड तारून के ग्राम रामपुर प्रताप में सामुदायिक केंद्र भवन का निर्माण भी कराया जाएगा।

राजकीय महिला पॉलिटेक्निक अयोध्या और राजकीय पॉलिटेक्निक अयोध्या में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना से जुड़े निर्माण कार्य भी शिलान्यास सूची में शामिल हैं।

सड़क, पर्यटन और शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

लोकार्पण की 86 परियोजनाओं में सड़क निर्माण, पुल-पुलिया, जल निकासी, बिजली व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन और ग्रामीण विकास से जुड़े कई कार्य शामिल हैं। इसके अलावा जनपदीय ड्राइवर हाउस, राजकीय महाविद्यालय, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बरवा (मसौधा) में ट्रांजिट हॉस्टल, अयोध्या-सुल्तानपुर मार्ग पर गेट कॉम्प्लेक्स, नगर पंचायत खिरौनी सुचितागंज का पर्यटन विकास कार्य, ग्राम अवनपुर सरोहा में ग्रामीण पर्यटन थीमेटिक गेट एवं पर्यटन सुविधा केंद्र तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोहावल में आधुनिक कार्यशाला और प्रशिक्षण केंद्र का भी लोकार्पण किया जाएगा।

राम मंदिर प्रकरण के बीच दूसरा दौरा

राम मंदिर में दान चोरी का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दूसरा अयोध्या दौरा है। इससे पहले वह 19 जून को अयोध्या पहुंचे थे। इस बीच दान चोरी के मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच लगातार राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिली है।

जनसभा में राजनीतिक मुद्दों पर भी रह सकती है नजर

मुख्यमंत्री की जनसभा पर भी राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है। माना जा रहा है कि अपने संबोधन के दौरान वह प्रदेश की विकास योजनाओं के साथ-साथ मौजूदा राजनीतिक मुद्दों और विपक्ष के आरोपों पर भी अपनी बात रख सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.