गौतमबुद्धनगर: जिले की तीनों तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनसामान्य की कुल 121 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 14 शिकायतों का संबंधित अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
तहसील सदर में छह शिकायतें, एक का मौके पर समाधान
तहसील सदर में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, एसीएमओ डॉ. आरके सिरोहा, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
दादरी में 55 शिकायतें दर्ज, 11 का तत्काल निस्तारण
तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां फरियादियों की ओर से कुल 55 शिकायतें दर्ज कराई गईं। अधिकारियों ने इनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया।
जेवर तहसील में 60 शिकायतें, दो का मौके पर समाधान
तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। इस दौरान कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से दो शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।