उत्तराखंड में कांग्रेस का चुनावी बिगुल! राहुल, प्रियंका और खरगे के दौरे से तेज होगी सियासी हलचल

0 16

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार दो विधानसभा चुनावों से सत्ता से बाहर रही पार्टी इस बार पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने की रणनीति बना रही है। इसी क्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के उत्तराखंड दौरे की तैयारी चल रही है।

17 जुलाई को राहुल गांधी का देहरादून दौरा

कांग्रेस की चुनावी गतिविधियों की शुरुआत 17 जुलाई को राहुल गांधी के देहरादून दौरे से होगी। इस दौरान वह छात्रों और युवाओं के साथ संवाद करेंगे। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन और चुनावी रणनीति पर भी चर्चा करेंगे।

18 जुलाई की बैठक में तय होगी नेताओं के दौरों की रूपरेखा

प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में 18 जुलाई को होने वाली बैठक में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसी बैठक में कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा को ब्लॉक स्तर तक विस्तार देने की रणनीति पर भी निर्णय लिया जाएगा।

पर्वतीय क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के देहरादून दौरे के दौरान यह तय किया गया कि पार्टी के शीर्ष नेताओं के कार्यक्रमों में पर्वतीय क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस के नेता भी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे।

एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संदेश

बैठकों के दौरान केसी वेणुगोपाल ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और पूर्व विधायकों को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव में सफलता के लिए संगठन की एकजुटता सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं को मिलकर जनता के बीच जाना होगा और चुनावी रणनीति को प्रभावी तरीके से लागू करना होगा।

टिकट वितरण में जिताऊ उम्मीदवारों को मिलेगी प्राथमिकता

कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि विधानसभा चुनाव में टिकट उन्हीं उम्मीदवारों को दिया जाएगा जिनकी जीत की संभावना अधिक होगी। संभावित दावेदारों की क्षेत्रीय सक्रियता, जनाधार और अन्य पहलुओं का विस्तृत मूल्यांकन करने के बाद ही उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे।

इन मुद्दों पर जनता के बीच जाएगी कांग्रेस

पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी की है। इसके अलावा राम मंदिर और बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़े मुद्दों को भी घोषणा पत्र में शामिल करने की योजना है। कांग्रेस जल्द ही घोषणा पत्र तैयार करने के लिए युवा नेताओं की एक टीम का गठन भी करेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.