‘अयोध्या को बदनाम करने की साजिश, सनातन को कमजोर करना चाहते हैं विरोधी’… मीरजापुर में विपक्ष पर बरसे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

0 22

मीरजापुर: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को मीरजापुर दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति पर लगातार सवाल उठाकर कुछ लोग समाज को बांटने और अयोध्या की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है।

कोन विकास खंड के पुरजागीर स्थित डॉ. टमटम मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल परिसर में प्रबुद्धजनों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कई राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

‘सनातन और संस्कृति को कमजोर करने की कोशिश’

ब्रजेश पाठक ने कहा कि केवल सनातन धर्म और उससे जुड़े मुद्दों को निशाना बनाकर भारतीय संस्कृति को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या को लेकर भी लगातार नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिशें हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मदरसों और तुष्टिकरण की राजनीति पर भी उठाए सवाल

उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने मदरसों के संचालन और उनकी फंडिंग को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने जांच के बाद कई मामलों में कार्रवाई भी की है।

उन्होंने यह भी कहा कि संभल में मंदिरों से जुड़े मामलों में भी सरकार ने गंभीरता से कदम उठाए हैं।

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर बोले- जांच निष्पक्ष तरीके से चल रही

राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में बड़े नाम सामने न आने को लेकर पूछे गए सवाल पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि पुलिस और जांच एजेंसियां निष्पक्षता के साथ अपना काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि मामले में कानून के तहत कार्रवाई होगी और जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निर्णय लिया जाएगा।

विंध्य कॉरिडोर और विकास परियोजनाओं का किया जिक्र

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मां विंध्यवासिनी धाम के विकास को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि दर्शन व्यवस्था और अधिक सुगम बन सके।

उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि मीरजापुर में सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास हो और जिला प्रदेश के अग्रणी जनपदों में शामिल हो।

श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगी एंबुलेंस सेवा

ब्रजेश पाठक ने विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब क्षेत्र में 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है और श्रद्धालुओं की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

अस्पतालों की शिकायतों पर जांच के निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों से जुड़ी कुछ शिकायतें सरकार के संज्ञान में आई हैं, जिनकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने मंडलीय अस्पताल में खाली पदों को जल्द भरने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.