कोर्ट ने सलमान खान के घर गोली चलाने वाले शूटर्स को 10 द‍िनों की पुलिस रिमांड पर भेजा

0 33

मुंबई : सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। गुजरात के भुज से गिरफ्तारी के बाद मंगलवार दोपहर दोनों आरोपी विक्की साह गुप्ता (24) और सागर जोगेंद्र पाल (21) को मुंबई कोर्ट में पेश किया गया। इन दोनों को सोमवार देर रात 1 बजे अमदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया, जिसके बाद इन्‍हें मुंबई पुलिस को सौंपा गया। क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार सुबह ही विक्‍की और सागर को गुजरात से मुंबई लाई है।

क्राइम ब्रांच की ओर से कोर्ट में कहा गया कि उन्‍हें आरोपयिों से बहुत सारी पूछताछ करनी है। यह गोलीबारी किसके कहने पर की गई, इसके लिए किसने उन्‍हें पैसे दिए, हथ‍ियार कहां से मिले, यह और ऐसे तमाम सवालों के जवाब अभी नहीं मिले है। ऐसे में पुलिस को दोनों की रिमांड दी जाए। अदालत ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 दिनों की पुलिस रिमांड का आदेश दिया है।

बीते रविवार को सुबह 4:55 बजे दोनों आरोपी शूटर्स ने सलमान खान के घर गैलेक्‍सी अपार्टमेंट के बाहर 7 सेकेंड में दनादन पांच गोलियां चलाई थीं। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और हेलमेट पहने हुए थे। यह वारदात सीसीटीवी में भी कैद है। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और मुंबई से गुजरात पहुंच गए, जहां इंटेलिजेंस की रिपोर्ट की मदद से उन्‍हें सोमवार देर रात गिरफ्तार किया गया।

विक्‍की गुप्‍ता और सागर पाल, ये दोनों शूटर्स बिहार के पश्‍च‍िमी चंपारण के बेतिया के रहने वाले हैं। मुंबई पुलिस को शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि दोनों गैंगस्‍टर लॉरेंस बिश्‍नोई गैंग से जुड़े हुए हैं। रविवार को ही लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्‍नोई ने भी कथ‍ित फेसबुक पोस्‍ट में हमले की जिम्‍मेदारी ली है और साथ ही सलमान खान को जान से मारने की धमकी भी दी है।

मुंबई के जॉइंट पुलिस कम‍िश्‍नर लक्ष्‍मी गौतम ने कहा, ‘आरोपियों ने कुल पांच राउंड फायरिंग की। बाद में दिन में अनमोल बिश्नोई ने इस घटना के संबंध में फेसबुक पर भी लिखा… हमने भुज जिले से दो आरोपियों (विक्की गुप्ता और सागर पाल) को गिरफ्तार किया है। मुख्य रूप से उन्होंने तीन बार घर की ‘रेकी’ की है।’

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कच्छ के डीएसपी एआर ज़नकांत ने कहा, ‘प्राथमिक पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह के संपर्क में थे। मुंबई पुलिस अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले की जांच कर रही थी। मुंबई पुलिस ने कच्छ पुलिस को सूचना दी कि दोनों आरोपी कच्छ पहुंच गए हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गईं। दोनों आरोपियों को कच्छ पुलिस ने गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस को सौंप दिया है।’

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.