कुलगाम में आतंकियों का कायराना हमला! छत्तीसगढ़ के 2 प्रवासी श्रमिकों की मौत, CM साय बोले- सरकार हर परिवार के साथ खड़ी

0 21

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने शुक्रवार शाम प्रवासी श्रमिकों को निशाना बनाकर हमला कर दिया। इस हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत हो गई। गोलीबारी में घायल दोनों मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, कुलगाम के केलम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे प्रवासी श्रमिकों पर आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की। हमले में 24 वर्षीय दीपक रात्रे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 28 वर्षीय भूपेंद्र कुमार को पहले जीएमसी अनंतनाग और बाद में बेहतर इलाज के लिए एसकेआईएमएस सौरा रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

CM विष्णुदेव साय ने जताया शोक

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में राज्य के श्रमिकों की मौत अत्यंत पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी

हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों का पता लगाने और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हैं।

10 दिन पहले भी हुई थी पुलिसकर्मी की हत्या

इससे पहले करीब 10 दिन पूर्व अनंतनाग में आतंकियों ने एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। ताजा हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। श्रीनगर में वाहनों की सघन जांच भी की जा रही है। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, हालांकि बाद में वाहन बरामद कर जांच शुरू कर दी गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.