ईरान पर अमेरिकी हमलों से उछला कच्चा तेल, 79 डॉलर के करीब पहुंचा ब्रेंट क्रूड, पेट्रोल-डीजल पर क्या पड़ेगा असर?

0 29

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब वैश्विक ऊर्जा बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अंतरिम शांति समझौते को समाप्त घोषित किए जाने के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अंतरराष्ट्रीय जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ईरान की गतिविधियों को रोकना है। बढ़ते तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया है।

गुरुवार सुबह ब्रेंट क्रूड की कीमत बढ़कर 79 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई। वहीं वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड भी बढ़त के साथ 74.41 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखाई दिया। कुछ दिन पहले तक कच्चा तेल करीब 65 डॉलर प्रति बैरल तक फिसल गया था, लेकिन हालिया घटनाक्रम के बाद इसमें तेज रिकवरी दर्ज की गई है।

तनाव बढ़ने से क्यों चढ़े कच्चे तेल के दाम?

पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव ने वैश्विक तेल बाजार की चिंता बढ़ा दी है। होर्मुज जलडमरूमध्य में दो व्यावसायिक जहाजों पर मिसाइल हमलों के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू की। ईरान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में स्थित ईरानशहर एयरपोर्ट पर भी बड़ा हमला हुआ, जिसमें एक दमकलकर्मी की मौत हो गई। इसके अलावा बुशहर, सीरिक, अबू मूसा द्वीप, जास्क द्वीप और चाबहार समेत कई रणनीतिक क्षेत्रों में लगातार विस्फोटों की खबरें सामने आई हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर बढ़ी चिंता

विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ता तनाव वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बड़ा जोखिम बन सकता है। इस समुद्री मार्ग से दुनिया के बड़े हिस्से का कच्चा तेल गुजरता है। ऐसे में यदि यहां हालात और बिगड़ते हैं या आवाजाही प्रभावित होती है तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर और दबाव बढ़ सकता है।

फिलहाल सस्ती नहीं होगी पेट्रोल-डीजल की कीमत

कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के बीच घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल के दाम घटने की उम्मीद भी कमजोर पड़ गई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल महंगा बना रहता है तो ईंधन की कीमतों में राहत मिलने की संभावना कम हो सकती है। गुरुवार सुबह जारी ताजा दरों के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.