CSK vs MI: चेपॉक में कांटे की टक्कर की उम्मीद, पिच पर बल्लेबाजों का दबदबा; जानें मौसम और टॉस की पूरी रिपोर्ट

0 22

स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 19 के 44वें लीग मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों की नजरें एक बार फिर हाई-वोल्टेज भिड़ंत पर टिकी हैं, जहां चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला चेन्नई के ऐतिहासिक एमए चिदंबरम स्टेडियम यानी चेपॉक में खेला जाएगा, जहां पिच और मौसम दोनों ही मैच के नतीजे में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

चेपॉक की पिच पर बल्लेबाजों का बोलबाला

इस सीजन चेपॉक की पिच पर बल्लेबाजों का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिला है। अब तक यहां खेले गए चार मैचों में से दो बार पहली पारी का स्कोर 200 रन के पार पहुंचा है, जबकि एक मुकाबले में 192 रन बने हैं। इससे साफ है कि इस मैदान पर बड़े स्कोर बनने की पूरी संभावना रहती है और दर्शकों को एक बार फिर हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है।

पहले बल्लेबाजी या चेज? टॉस बनेगा अहम फैक्टर

चेपॉक में अब तक खेले गए चार मुकाबलों में से दो बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम विजयी रही है, जबकि दो बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। ऐसे में टॉस का फैसला इस मुकाबले में निर्णायक साबित हो सकता है। इसके अलावा दूसरी पारी में ओस का असर भी देखने को मिलता है, जिससे गेंदबाजों को मुश्किलें बढ़ जाती हैं।

CSK बनाम MI: इस सीजन दूसरी भिड़ंत

दोनों टीमों के बीच इस सीजन यह दूसरी भिड़ंत होगी। इससे पहले हुए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को एकतरफा अंदाज में हराया था। ऐसे में मुंबई की टीम इस बार बदला लेने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, जबकि चेन्नई अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी।

चेन्नई का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम की बात करें तो मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे मुकाबला बिना किसी रुकावट के पूरा होने की उम्मीद है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, मैच के समय तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जिससे खिलाड़ियों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि दूसरी पारी में तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है।

कुल मिलाकर रोमांचक मुकाबले के आसार

पिच की बल्लेबाजी अनुकूल स्थिति, ओस का असर और दो मजबूत टीमों की टक्कर इस मुकाबले को और भी रोमांचक बना रही है। क्रिकेट फैंस को एक बार फिर चेपॉक में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिल सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.