CWG 2026: ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता भारत के लिए तीसरा सिल्वर, पीएम मोदी समेत शीर्ष नेताओं ने दी बधाई

0 21

ग्लासगो: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में ज्ञानेश्वरी यादव ने रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया। यह ग्लासगो खेलों में भारत का पांचवां पदक और तीसरा रजत पदक है। ज्ञानेश्वरी स्वर्ण पदक से महज सात किलोग्राम पीछे रह गईं, लेकिन अपने पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया।

पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में किया दमदार प्रदर्शन

रजत पदक जीतने के बाद ज्ञानेश्वरी यादव ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनका पहला कॉमनवेल्थ गेम्स है और उनका लक्ष्य व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ पदक जीतना था। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता बेहद कड़ी थी और सभी खिलाड़ी मजबूत थे। उन्होंने अपने प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि रजत पदक जीतकर वह बेहद खुश हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया प्रेरणादायक उपलब्धि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि ज्ञानेश्वरी ने प्रतियोगिता में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि उनकी उपलब्धि देश के युवाओं को प्रेरित करेगी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उपराष्ट्रपति, रक्षा मंत्री और खेल मंत्री ने भी दी शुभकामनाएं

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि पूरा देश उनकी इस उपलब्धि पर गर्व कर रहा है और भविष्य में भी उनके सफल प्रदर्शन की कामना करता है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सभी छह लिफ्ट सफलतापूर्वक पूरी करते हुए नया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बनाना ज्ञानेश्वरी की बेहतरीन तैयारी, धैर्य और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने भविष्य में और बड़ी सफलताओं की शुभकामनाएं दीं।

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी ज्ञानेश्वरी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ाया है।

नाइजीरिया की खिलाड़ी ने जीता स्वर्ण पदक

महिलाओं की 53 किलोग्राम स्पर्धा में नाइजीरिया की डिडिह ओनोमे ओमोलोला ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने कहा कि यह उनका पहला कॉमनवेल्थ गेम्स था और स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए बेहद खास उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद से स्वर्ण जीतने का वादा किया था और उसे पूरा करने में सफल रहीं।

कनाडा की खिलाड़ी ने जीता कांस्य

इस स्पर्धा का कांस्य पदक कनाडा की रेबेका ग्रौल्क्स ने हासिल किया। उन्होंने कहा कि पूरे मुकाबले के दौरान उनका ध्यान केवल अपने प्रदर्शन और तकनीक पर था। मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के बीच पदक जीतकर वह बेहद संतुष्ट और खुश हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.