दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, आईएस का मोस्ट वांटेड आतंकी रिजवान गिरफ्तार

0 245

नई दिल्ली। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। स्पेशल सेल ने आईएसआईएस ग्रुप के आतंकी को गिरफ्तार किया है। आतंकी की पहचान रिजवान के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, वह दिल्ली के दरियागंज का रहने वाला है। इस आतंकी पर जांच एजेंसी एनआईए ने 3 लाख रुपये के इनाम के साथ मोस्ट वांटेड भी घोषित किया था।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अनुसार, आतंकी रिजवान के बारे में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर स्पेशल सेल हरकत में आई। आतंकी रिजवान को गिरफ्तार करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश में टीम गठित की गई। गुरुवार रात 11 बजे आतंकी रिजवान को दिल्ली के बायोडायवर्सिटी पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से हथियार और तीन कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

आतंकी रिजवान को पकड़ने के लिए काफी समय से सुरक्षा बलों ने अपने नेटवर्क को एक्टिव किया हुआ था। वह काफी समय से फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि रिजवान पुणे आईएसआईएस मॉड्यूल का सबसे खूंखार आतंकी है। उसने अपने कुछ साथियों के साथ दिल्ली और मुंबई के वीवीआईपी इलाकों की रेकी की थी। रिजवान 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के जश्न में भंग डालने की कोशिश में था।

बता दें कि रिजवान को इससे पहले दिल्ली पुलिस ने साल 2018 में गिरफ्तार किया। लंबी पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। आतंकी रिजवान की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस व अन्य जांच एजेंसी अलर्ट मोड पर है। सरोजनी नगर मार्केट, लाजपत नगर मार्केट, खान मार्केट सहित अन्य मार्केटों में मोस्ट वांटेड आतंकवादियों के पोस्टर चस्पा किए गए हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.