नई Renault Duster की डिलीवरी शुरू, आज से सड़कों पर दौड़ती नजर आएगी SUV; कीमत 10.49 लाख से शुरू, फीचर्स में बड़ा अपग्रेड
रेनॉल्ट इंडिया के ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। कंपनी ने अपनी नई जनरेशन Renault Duster की डिलीवरी शुरू कर दी है। 14 अप्रैल 2026 से देशभर में ग्राहकों को इसकी चाबियां सौंपी जाने लगी हैं। पहली डिलीवरी चेन्नई में आयोजित एक भव्य इवेंट में की गई, जहां रेनॉल्ट ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ग्राहक डॉ. अर्थनारी मणिकवासगम को यह SUV सौंपी गई। कंपनी के R-Pass प्रोग्राम के तहत पहले से बुकिंग करने वाले ग्राहकों को प्राथमिकता के आधार पर डिलीवरी दी जा रही है।
चेन्नई में खुला नया ‘R Store’, कंपनी की बड़ी रणनीति शुरू
इसी मौके पर रेनॉल्ट ने चेन्नई में अपना नया ‘R Store’ भी लॉन्च किया है। यह एक आधुनिक और हाई-टेक शोरूम है, जहां ग्राहक गाड़ी के फीचर्स को विस्तार से समझ सकते हैं। करीब 4500 स्क्वायर फीट में फैला यह स्टोर एक समय में 5 वाहनों को प्रदर्शित करने की क्षमता रखता है। कंपनी का लक्ष्य इस साल देशभर में ऐसे 70 स्टोर्स खोलने का है। नई डस्टर की एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये से शुरू होकर 18.49 लाख रुपये तक जाती है। कंपनी इस SUV पर 7 साल या 1.5 लाख किलोमीटर तक की वारंटी भी दे रही है।
मस्कुलर डिजाइन और प्रीमियम लुक में बड़ा बदलाव
नई डस्टर को भारतीय बाजार के हिसाब से खास डिजाइन अपडेट दिए गए हैं। इसमें आईब्रो स्टाइल LED DRLs, कनेक्टेड टेल लैंप्स और ग्रिल पर बड़ा ‘Duster’ ब्रांडिंग इसे और ज्यादा मस्कुलर बनाती है। SUV में 18-इंच के अलॉय व्हील्स और 212mm का हाई ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है, जिससे यह खराब सड़कों पर भी बेहतर प्रदर्शन कर सके। इसके अलावा 700 लीटर का बूट स्पेस इसे अपने सेगमेंट में बेहद प्रैक्टिकल बनाता है।
लेवल-2 ADAS और हाई-टेक केबिन से लैस SUV
केबिन की बात करें तो नई डस्टर में डुअल-टोन इंटीरियर के साथ 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। इसमें पैनोरमिक सनरूफ, गूगल इंटीग्रेशन, वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड सीट्स और 6-स्पीकर ऑडियो सिस्टम जैसे प्रीमियम फीचर्स शामिल हैं। सुरक्षा के लिहाज से SUV में 6 एयरबैग, पार्किंग सेंसर और लेवल-2 ADAS जैसी आधुनिक तकनीक दी गई है।
दमदार इंजन ऑप्शन और भविष्य की प्लानिंग
इंजन विकल्पों में 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन (98hp) और 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन (160hp) शामिल हैं, जिसमें ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प भी मिलता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी जल्द ही 1.8 लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन भी लॉन्च कर सकती है। कुल मिलाकर नई Renault Duster अपने डिजाइन, फीचर्स और परफॉर्मेंस के दम पर बाजार में एक बार फिर मजबूत वापसी करने के लिए तैयार है।