मुजफ्फरनगर में हर-हर महादेव के जयघोष संग शिवालयों में जलाभिषेक, शिव चौक पर लगी श्रद्धालुओं की कतार

0 131

मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में महाशिवरात्रि के मद्देनजर हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवालयों में जलाभिषेक शुरू हो गया है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आगे बढ़ रहे कांवड़िया मार्ग में पड़ रही शिव मूर्ति की परिक्रमा कर शीश नवां रहे हैं। मुजफ्फरनगर का कांवड़ मार्ग शिव भक्तों के जयघोष से गुंजायमान हो रहा है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर बढ़ रहे डाक कांवड़ियों का शोर कानों में अठखेलियां कर रहा है।

महाशिवरात्रि के लिए शहर और देहात के सभी शिवालय, देवालय और मंदिरों को सजाया गया है। मंदिरों में जलाभिषेक की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थी। शहर की हृदय स्थली कहे जाने वाली शिवमूर्ति पर जलाभिषेक करने वालों की लंबी कतार लगी है।

महाशिवरात्रि पर श्रद्धालु हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाकर शिवालय में चढ़ाते हैं। नगर में शिव भक्तों का आवागमन जारी है। कांवड़ पटरी मार्ग से होकर डाक कावड़ शिवभक्त हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवालय की ओर बढ़ रहे हैं।

शहर में श्रद्धालु सबसे अधिक शिव मूर्ति पर जलाभिषेक करते हैं। इसके अलावा बोहरा वाला मंदिर, गांधी कालोनी मंदिर, सुभाषनगर का शिव मंदिर आदि मंदिरों में भी जलाभिषेक होता है। महाशिवरात्रि पर्व पर शिव चौक को भव्य रूप से सजाया गया है। रंगीन रोशनी में नहाया शिव चौक श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना है। भगवान शिव की प्रतिमा का भी भव्य श्रृंगार किया गया है। शहर और देहात के सभी शिवालयों, देवालयों और मंदिरों में भी जलाभिषेक की तैयारी पूरी कर ली गई थी।

देहात में संभलहेड़ा और फिरोजपुर में भी शिव भक्त भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करते हैं। इनके अलावा शुकतीर्थ में, जानसठ के प्राचीन महादेव मंदिर, खतौली के मराठा कालीन झारखंड शिवालय, नागेश्वर मंदिर, थानेश्वर मंदिर, शिवालय में भी भारी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करते हैं। सभी मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.