ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी सिस्टम की परखी तैयारी

0 38

गौतमबुद्धनगर: जिले में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा इंतजामों से लेकर सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था तक हर पहलू का गहनता से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगाए गए ताले और सील की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान सभी सील और ताले पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित पाए गए। इसके बाद वेयरहाउस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया गया, जहां सभी कैमरे सुचारु रूप से संचालित होते मिले।

जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का भी विस्तृत निरीक्षण किया और वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील विषय है, इसलिए सभी कर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस परिसर की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं। इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.