नोएडा में दो ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की ई-निविदा पूरी, प्राधिकरण को 666 करोड़ रुपये राजस्व मिलने की उम्मीद

0 20

नोएडा: नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-151 स्थित दो प्रमुख ग्रुप हाउसिंग भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया ई-निविदा के माध्यम से सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। दोनों भूखंडों के आवंटन से प्राधिकरण को करीब 666 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है।

प्राधिकरण द्वारा ग्रुप हाउसिंग भूखंड योजना संख्या 2025-26 (11) के तहत सेक्टर-151 में स्थित ग्रुप हाउसिंग भूखंड संख्या जीएच-3 और जीएच-4 के आवंटन के लिए ई-निविदा आमंत्रित की गई थी। दोनों भूखंडों का क्षेत्रफल 20,050 वर्गमीटर-20,050 वर्गमीटर निर्धारित किया गया था। इनके लिए आरक्षित मूल्य 245.74 करोड़ रुपये रखा गया था।

जीएच-3 के लिए वीआरसी कंस्ट्रक्शन ने लगाई सबसे ऊंची बोली

30 जून 2026 को एचडीएफसी बैंक के माध्यम से ई-निविदा प्रक्रिया पूरी की गई। ग्रुप हाउसिंग भूखंड संख्या जीएच-3 के लिए वीआरसी कंस्ट्रक्शन (इंडिया) लिमिटेड ने 334.21 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाई, जिसके बाद कंपनी इस भूखंड के आवंटन की दौड़ में सबसे आगे रही।

जीएच-4 के लिए गोदरेज प्रॉपर्टीज बनी सबसे बड़ी बोलीदाता

वहीं ग्रुप हाउसिंग भूखंड संख्या जीएच-4 के लिए गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने 331.75 करोड़ रुपये की सर्वोच्च बोली प्रस्तुत की। ई-निविदा प्रक्रिया में यह सबसे ऊंची बोली होने के चलते कंपनी को भूखंड आवंटन के लिए चयनित किया गया।

90 दिनों के भीतर मिलेगा बड़ा राजस्व

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार दोनों भूखंडों के आवंटन के बाद अगले 90 दिनों के भीतर लगभग 666 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। यह राशि नोएडा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास और विभिन्न परियोजनाओं को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

रियल एस्टेट सेक्टर को मिलेगा नया बढ़ावा

सेक्टर-151 में स्थित इन ग्रुप हाउसिंग भूखंडों के आवंटन से क्षेत्र में आवासीय विकास को नई रफ्तार मिलने की संभावना है। साथ ही निवेश और निर्माण गतिविधियों में भी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.