भामाशाह जयंती पर गौतमबुद्ध नगर में ‘व्यापारी कल्याण दिवस’, उत्कृष्ट करदाताओं को मिला सम्मान

0 22

गौतमबुद्धनगर: दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर गौतमबुद्ध नगर में जिला प्रशासन, राज्य कर विभाग और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “व्यापारी कल्याण दिवस” का आयोजन किया गया। सेक्टर-148 स्थित राज्य कर कार्यालय भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों, उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दादरी विधायक तेजपाल नागर ने वर्ष 2025-26 के दौरान विभिन्न टर्नओवर श्रेणियों में सर्वाधिक कर जमा करने वाले प्रतिष्ठानों और व्यापारियों को “भामाशाह पुरस्कार” प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने वालों में पैजेट इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, सैमसंग डिस्प्ले नोएडा प्राइवेट लिमिटेड, ईस्ट वेस्ट सॉफ्टटेक प्राइवेट लिमिटेड, एलीवर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, लॉन्गचियर मोबाइल (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, सिंगला ऑटो एजेंसीज, बिंदल टेक्नोपॉलिमर प्राइवेट लिमिटेड, नॉर्मेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मैक्स स्क्वायर लिमिटेड, प्लैनेट कास्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, फेनो ऑर्गेनिक, स्केल्टन कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड और ज्योति अरोड़ा शामिल रहे।

विधायक तेजपाल नागर ने बताया व्यापारियों का महत्व

अपने संबोधन में विधायक तेजपाल नागर ने दानवीर भामाशाह के जीवन और उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यापारी और उद्यमी किसी भी राज्य और राष्ट्र की आर्थिक मजबूती की आधारशिला होते हैं। उन्होंने कहा कि भामाशाह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सभी को प्रदेश और देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के आर्थिक विकास में व्यापारियों और उद्यमियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनके द्वारा किए गए निवेश और कर भुगतान से विकास परियोजनाओं को गति मिलती है और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।

राजस्व संग्रह में गौतमबुद्ध नगर की भूमिका सबसे अहम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडिशनल कमिश्नर राज्य कर संदीप भागिया ने व्यापारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले कुल जीएसटी संग्रह में गौतमबुद्ध नगर का योगदान सबसे अधिक है, जो जिले की मजबूत औद्योगिक और व्यावसायिक पहचान को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य कर विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी कारोबारी को किसी प्रकार की परेशानी आती है तो विभाग तत्काल सहयोग और समाधान उपलब्ध कराएगा। साथ ही उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली और व्यापारिक हितों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।

व्यापारिक संगठनों की रही सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस दौरान विकास जैन, सुरेंद्र नाहटा, एल.बी. सिंह, संजीव शर्मा, अमित उपाध्याय, वीर शेखर चौधरी और मुकेश कक्कड़ समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारिक समुदाय के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.