नए YouTubers के लिए कमाई का रास्ता और मुश्किल! YouTube ने बदले Partner Program के नियम, अब चाहिए इतने व्यूज

0 34

नई दिल्ली: YouTube ने अपने पार्टनर प्रोग्राम यानी YouTube Partner Program (YPP) के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने इसे 2018 के बाद का पहला बड़ा बदलाव बताया है। नए नियमों के तहत पार्टनर प्रोग्राम के लिए आवेदन करने वाले नए क्रिएटर्स के लिए विज्ञापन और प्रीमियम से कमाई की पात्रता सीमा बढ़ाई गई है। ये नए नियम 1 फरवरी 2027 से लागू होंगे।

YouTube ने वर्ष 2006 में अपना पार्टनर प्रोग्राम शुरू किया था। 2026 में इस कार्यक्रम के 20 साल पूरे हो रहे हैं। इस दौरान कंपनी ने क्रिएटर्स के साथ राजस्व साझा करने की व्यवस्था और कार्यक्रम की नीतियों में कई बदलाव किए हैं। अब नए अपडेट के जरिए पार्टनर प्रोग्राम में शामिल होने वाले क्रिएटर्स के लिए कुछ पात्रता मानकों को संशोधित किया गया है।

1 फरवरी 2027 से लागू होंगे नए नियम

नए नियमों के अनुसार, 1 फरवरी 2027 से YouTube Partner Program में आवेदन करने वाले नए क्रिएटर्स के पास पिछले एक साल में 8,000 योग्य वॉच आवर्स या पिछले 90 दिनों में 2 करोड़ योग्य Shorts व्यूज होने चाहिए।

हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि Fan Funding और शॉपिंग से जुड़े उत्पादों के लिए प्रवेश सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

फिलहाल YouTube Partner Program में शामिल होने के लिए क्रिएटर्स को पिछले 365 दिनों में कम से कम 1,000 सब्सक्राइबर और 4,000 योग्य वॉच आवर्स या पिछले 90 दिनों में 1 करोड़ Shorts व्यूज की आवश्यकता होती है।

Shorts से कमाई के नियमों में भी बदलाव

YouTube ने Shorts से होने वाली कमाई के राजस्व साझा करने की व्यवस्था में भी बदलाव किया है। नए नियम के तहत क्रिएटर्स को विज्ञापन और सदस्यता से मिलने वाले राजस्व में हिस्सा पाने के लिए पिछले 90 दिनों में 1 करोड़ योग्य Shorts व्यूज हासिल करना जरूरी होगा।

हालांकि, जो क्रिएटर्स इस सीमा से नीचे रह जाते हैं, वे YouTube Partner Program से बाहर नहीं होंगे। ऐसे क्रिएटर्स लंबे वीडियो वाले कंटेंट से कमाई पाने के पात्र बने रहेंगे।

Shorts से जुड़े ये नए नियम भी 1 फरवरी 2027 से प्रभावी होंगे।

YouTube ने बदलाव की बताई वजह

कंपनी के मुताबिक, ये बदलाव YouTube के लगातार बढ़ते विस्तार को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे हैं। प्लेटफॉर्म पर रोजाना 20,000 करोड़ से ज्यादा Shorts व्यूज आने और टीवी पर हर दिन एक अरब घंटे से अधिक वॉच टाइम दर्ज होने का हवाला देते हुए YouTube ने पात्रता मानकों को संशोधित किया है।

कंपनी ने यह भी कहा है कि उसे 2027 में क्रिएटर्स को 2026 की तुलना में और अधिक भुगतान किए जाने की उम्मीद है। नए नियमों का उद्देश्य पार्टनर प्रोग्राम को बदलते क्रिएटर इकोसिस्टम के अनुरूप बनाए रखना बताया गया है।

Premium Lite को लेकर भी बड़ा ऐलान

YouTube ने Premium Lite प्लान के विस्तार की भी घोषणा की है। कंपनी के मुताबिक यह प्लान अब सभी देशों में उपलब्ध हो गया है। इसके तहत ज्यादातर कंटेंट को बिना विज्ञापन देखने के साथ वीडियो को ऑफलाइन देखने के लिए डाउनलोड करने और बैकग्राउंड प्लेबैक की सुविधा मिलती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.