‘मुझे वफादारी पसंद है…’ Ex हसबैंड मोहसिन की दूसरी शादी की तस्वीरों के बाद उर्मिला मातोंडकर की पोस्ट ने खींचा ध्यान

0 32

मुंबई: अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर इन दिनों अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। यह पोस्ट उनके पूर्व पति मोहसिन अख्तर की दूसरी शादी के रिसेप्शन की तस्वीरें सामने आने के बाद आई है। मोहसिन ने अपनी नई पत्नी निधा भट्ट के साथ तस्वीरें साझा करते हुए उनके लिए बेहद भावुक संदेश लिखा। इसके बाद उर्मिला ने प्यार, वफादारी और समय को लेकर एक पोस्ट शेयर की, जिसे सोशल मीडिया पर मोहसिन की पोस्ट से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, उर्मिला ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया है और इसे लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया भी नहीं दी है।

उर्मिला ने लिखा- मुझे प्यार और वफादारी पसंद है

मोहसिन अख्तर की पोस्ट के बाद उर्मिला मातोंडकर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘मुझे प्यार, वफादारी और समय जैसी कीमती चीजें पसंद हैं।’ उर्मिला की इस पोस्ट में मोहसिन या उनकी नई पत्नी निधा का कोई सीधा उल्लेख नहीं है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग इसे मोहसिन की दूसरी शादी की तस्वीरों से जोड़कर देख रहे हैं।

मोहसिन ने नई पत्नी निधा पर लुटाया प्यार

मोहसिन अख्तर ने अपने रिसेप्शन की तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में वह गुलाबी रंग की शेरवानी में नजर आ रहे हैं, जबकि उनकी पत्नी निधा भट्ट पीच रंग के परिधान में दिखाई दे रही हैं।

तस्वीरों के साथ मोहसिन ने निधा के लिए भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने कहा कि निधा उनके लिए सिर्फ पत्नी नहीं, बल्कि उनका घर, सुकून और हर दिन का पसंदीदा हिस्सा बन गई हैं। उन्होंने अपनी जिंदगी में निधा के आने के लिए अल्लाह का शुक्रिया अदा करते हुए हर परिस्थिति में उनका साथ देने और प्यार करने का वादा किया।

मोहसिन ने आगे लिखा कि यह उनके साथ की नई शुरुआत और उस जिंदगी की शुरुआत है, जिसे दोनों मिलकर बनाने जा रहे हैं। उन्होंने निधा को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनने के लिए धन्यवाद भी दिया।

जून में मोहसिन ने किया था दूसरी शादी का ऐलान

मोहसिन अख्तर ने इसी साल जून में अपनी दूसरी शादी की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की थी। उस समय भी उन्होंने एक भावुक पोस्ट में अपनी जिंदगी में नए प्यार और नए अध्याय की शुरुआत का जिक्र किया था।

उन्होंने अपनी पत्नी निधा को टैग करते हुए लिखा था कि साफ नीयत, सच्चे प्यार, सब्र और शुक्र से भरा दिल रखना चाहिए। मोहसिन ने कहा था कि अल्लाह की लिखी कहानी हमेशा बेहतर होती है और सही समय पर निधा उनकी जिंदगी में आईं। उन्होंने निधा को अपनी जिंदगी में रोशनी लाने के लिए धन्यवाद भी दिया था।

2016 में उर्मिला और मोहसिन ने की थी शादी

उर्मिला मातोंडकर और मोहसिन अख्तर ने 4 फरवरी 2016 को निजी समारोह में शादी की थी। दोनों की शादी उस समय काफी चर्चा में रही थी। दोनों के बीच उम्र के अंतर और अलग-अलग धर्म से होने को लेकर भी मीडिया में काफी चर्चा हुई थी।

कश्मीर निवासी व्यवसायी और मॉडल मोहसिन की मुलाकात उर्मिला से 2014 में मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की भांजी की शादी के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब दो साल बाद दोनों ने शादी कर ली।

2024 में सामने आई थीं रिश्ते में अनबन की खबरें

साल 2024 में उर्मिला और मोहसिन के वैवाहिक रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आई थीं। सितंबर 2024 में करीबी सूत्रों के हवाले से खबर आई कि उर्मिला ने मुंबई की एक अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल की है। इसके बाद दोनों अलग हो गए।

अब मोहसिन की दूसरी शादी के रिसेप्शन की तस्वीरें और उर्मिला की प्यार-वफादारी को लेकर पोस्ट एक बार फिर दोनों को चर्चा में ले आई हैं। हालांकि, उर्मिला की पोस्ट का वास्तविक संदर्भ क्या है, इसकी उन्होंने खुद कोई पुष्टि नहीं की है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.