UP International Trade Show 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, सुरक्षा से ट्रैफिक तक अधिकारियों ने कसी कमर; 25 सितंबर से शुरू होगा आयोजन

0 23

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर 2026 तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को शेष तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने की संयुक्त समीक्षा बैठक

स्थलीय निरीक्षण के बाद एक्सपो मार्ट के सभागार में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। इसमें सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और वीवीआईपी आगमन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

सुरक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट पर विशेष निगरानी

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने आयोजन की महत्ता और वीवीआईपी आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश और निकास द्वारों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने को कहा।

वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने और निर्धारित मार्गों पर यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर भी जोर

पुलिस आयुक्त ने निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्थान पर अनावश्यक जाम या अव्यवस्था की स्थिति न बने। कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास मार्गों सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस और यातायात कर्मियों की प्रभावी तैनाती के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सुरक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने को कहा।

अग्नि सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की होगी निगरानी

जिलाधिकारी ने अग्नि सुरक्षा की समीक्षा करते हुए अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को सभी जरूरी उपकरणों और व्यवस्थाओं की जांच कराने के निर्देश दिए। आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों को भी दुरुस्त रखने को कहा गया।

खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान आयोजन में उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार खाद्य पदार्थों की जांच कराने को भी कहा गया।

बिजली, हेलीपैड और चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ वैकल्पिक और बैकअप व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। हेलीपैड और वीवीआईपी आगमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूरा करने तथा उनका दोबारा परीक्षण कराने को कहा गया।

इसके अलावा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं, एंबुलेंस, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और आगंतुकों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

हर विभाग को समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारी पूरी करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों को गंभीरता और आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और आयोजन से पहले सभी तैयारियों का अंतिम निरीक्षण एवं परीक्षण कर लिया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्यमी, खरीदार, निवेशक, प्रतिनिधि और आगंतुक शामिल होंगे। ऐसे में सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ काम करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि आगंतुकों और अतिथियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडिशनल सीपी राजीव नारायण मिश्रा, एसीईओ यमुना विकास प्राधिकरण शैलेन्द्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 अरूण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.