सहकारिता सप्ताह के तहत जेवर में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन, ग्रामीण विकास में सहकारिता की भूमिका पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
गौतमबुद्धनगर: सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के तहत गुरुवार को विकासखंड जेवर कार्यालय में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “सहकारिता का ग्रामीण विकास में योगदान” रखा गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार प्रस्तुत किए।
29 जून से 6 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं समाजसेवी गोपाल कृष्ण अग्रवाल उपस्थित रहे, जबकि विकासखंड जेवर की ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सहभागिता की।
विद्यार्थियों को सहकारिता की योजनाओं और महत्व की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सहकारिता के सिद्धांतों, विभागीय योजनाओं और ग्रामीण विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में सामूहिक विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम भी है।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों के बीच सहकारिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ग्रामीण विकास में इसकी उपयोगिता और महत्व को समझाना रहा।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों ने सहकारिता और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आलोक रंजन ने किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विवेक यादव, अपर सांख्यिकी अधिकारी शिवानी सिंह, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता मोहम्मद हसीब, शगुफ्ता मोबिन, अश्वनी यदुवंशी, समिति सचिव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।