जेवर एयरपोर्ट का लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने किया निरीक्षण, सांसद डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा

0 19

नोएडा: लोकसभा हाउसिंग कमेटी द्वारा गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर में स्थानीय अध्ययन एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने की। इस दौरान समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति, भविष्य की योजनाओं तथा विभिन्न सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया।

अधिकारियों ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना की वर्तमान स्थिति और आगामी विकास योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत करते हुए एयरपोर्ट पर उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल प्रबंधन, वीआईपी एवं वीवीआईपी लाउंज, यात्री सुविधाएं, आगमन एवं प्रस्थान क्षेत्र, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्थाओं, टर्मिनल भवन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विभिन्न एजेंसियों के समन्वय पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण, ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड तथा राजस्व विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य में आवश्यक चिकित्सीय सुविधाओं एवं अन्य सुधारात्मक कदमों पर विस्तृत चर्चा की गई।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में लोकसभा हाउसिंग कमेटी की सदस्य एवं सांसद श्रीमती अपराजिता सारंगी, सांसद कोडिकुन्निल सुरेश, सांसद अक्षय यादव, बुलंदशहर सांसद भोला सिंह, अलीगढ़ सांसद सतीश कुमार गौतम, सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष गौतमबुद्ध नगर अमित चौधरी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

डॉ. महेश शर्मा ने जताया आभार

अध्ययन एवं भ्रमण कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ श्नेलमैन, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड, संबंधित एजेंसियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने परियोजना के बेहतर संचालन और समन्वय के लिए सभी की सराहना की।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना

इस अवसर पर डॉ. महेश शर्मा ने देश में विश्वस्तरीय नागरिक उड्डयन अवसंरचना के विकास और कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। साथ ही उत्तर प्रदेश में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना को गति देने, निवेश को बढ़ावा देने और आधारभूत ढांचे के विकास को नई दिशा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले समय में देश की आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन और वैश्विक संपर्क का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.