छठ पूजा पर जरा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी! नोएडा प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, घाटों पर जाने से पहले जान लें ये जरूरी निर्देश

0 14

नोएडा: छठ पूजा पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में पूजा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। घाटों पर उमड़ने वाली भीड़, डूबने की घटनाओं, आगजनी और बिजली से जुड़े हादसों की आशंका को देखते हुए लोगों को जरूरी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे छठ पूजा को जिम्मेदारी और सावधानी के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है। किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।

निर्धारित घाटों पर ही करें पूजा, गहरे पानी में जाने से बचें

प्रशासन ने श्रद्धालुओं को निर्देश दिया है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित पूजा स्थलों पर ही छठ पूजा करें। प्रतिबंधित और अधिक गहराई वाले जलाशयों में जाने से बचें। नदी, तालाब या अन्य जल स्रोतों में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें और प्रशासन की ओर से तय सुरक्षित सीमा का उल्लंघन न करें।

बच्चों को जलाशयों के किनारे अकेला न छोड़ें

छठ पूजा के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष हिदायत दी गई है। प्रशासन ने अभिभावकों से कहा है कि बच्चों को नदी, तालाब या घाटों के किनारे अकेला न छोड़ें। उनकी लगातार निगरानी करें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

भीड़ और भगदड़ से बचने के लिए रहें सतर्क

पूजा स्थलों पर अनावश्यक भीड़ जमा न होने देने और धक्का-मुक्की से बचने की अपील की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कहा है कि वे संयम बनाए रखें और ऐसी कोई स्थिति पैदा न होने दें, जिससे भगदड़ या अव्यवस्था की आशंका हो।

दीपक और बिजली के उपकरणों के इस्तेमाल में बरतें सावधानी

एडवाइजरी में आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए भी जरूरी निर्देश दिए गए हैं। पूजा के दौरान दीपक, धूप, अगरबत्ती और अन्य ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल सावधानी से करने को कहा गया है। साथ ही घाटों पर लगे बिजली के तारों, अस्थायी विद्युत कनेक्शनों और सजावटी लाइटों से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। खुले या क्षतिग्रस्त बिजली के तारों को छूने से सख्त परहेज करने को कहा गया है।

फिसलन और जलभराव वाली जगहों पर विशेष सावधानी

प्रशासन ने घाटों पर फिसलन, गंदगी और जलभराव वाले स्थानों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया है। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे ऐसे स्थानों पर संभलकर चलें और जल्दबाजी में पानी के किनारे जाने से बचें।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी दुर्घटना, आपातकालीन परिस्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन और संबंधित आपातकालीन सेवाओं को दें। इसके लिए जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष के नंबर भी जारी किए गए हैं।

गौतमबुद्धनगर जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष

0120-2978231

0120-2978232

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से घाटों और पूजा स्थलों पर तैनात पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, अग्निशमन और बचाव दल के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सामूहिक सहयोग, सतर्कता और सुरक्षा नियमों का पालन करके छठ पूजा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.