GRAP-3 के तहत निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध सख्ती से लागू होगा, गौतमबुद्धनगर में डीएम ने दिए उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
ग्रेटर नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की ओर से ग्रैप-3 लागू किए जाने के बाद गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने भी प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसमें निर्माण और विध्वंस कार्यों पर लगाए गए प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
निर्माण और विध्वंस कार्यों पर रोक का पालन जरूरी
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में निर्माण एवं विध्वंस (C&D) कार्यों पर लागू पूर्ण प्रतिबंध का हर हाल में पालन कराया जाए। यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी प्रतिबंध का उल्लंघन करती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और निगरानी करें, ताकि ग्रैप-3 के प्रावधानों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित हो सके।
विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्रवाई करने को कहा। बैठक में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इसके अलावा उप जिलाधिकारी सदर, दादरी और जेवर सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए निगरानी बढ़ाने पर जोर
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। जिलाधिकारी ने सभी से ग्रैप-3 के नियमों का पालन कराने और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी रखने को कहा।