महर्षि वाल्मीकि जयंती पर गौतमबुद्धनगर में हुए कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक से सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
गौतमबुद्धनगर: महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश की पंजीकृत नुक्कड़ नाटक टीमों ने सार्वजनिक स्थलों और मलिन बस्तियों में प्रस्तुतियां देकर लोगों को प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी।
कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरल और प्रभावशाली तरीके से विभिन्न सरकारी योजनाओं के उद्देश्य और उनके लाभ समझाए। साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना रहा।
नुक्कड़ नाटकों के जरिए योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रमों के दौरान कलाकारों ने बताया कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में किस प्रकार सहायक हो सकती हैं। प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया, ताकि पात्र व्यक्ति इनका लाभ लेने के लिए आगे आएं।
महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों का दिया संदेश
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में सामाजिक समरसता, समानता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों का संदेश भी दिया गया। महर्षि वाल्मीकि के जीवन और आदर्शों के माध्यम से लोगों को सत्य, न्याय, करुणा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई।
जनपद में आयोजित इन कार्यक्रमों के जरिए एक ओर महर्षि वाल्मीकि के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया, वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाकर पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने का संदेश दिया गया।