गौतमबुद्धनगर में ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त टेलरिंग प्रशिक्षण, 37 लोगों को मिलेगा मौका; प्रशिक्षण के बाद ₹5 हजार मानदेय

0 30

गौतमबुद्धनगर: जिले के अन्य पिछड़ा वर्ग के पुरुषों और महिलाओं के लिए सिलाई यानी टेलरिंग ट्रेड में चार महीने का निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, गौतमबुद्धनगर की ओर से अन्य पिछड़ा वर्ग प्रशिक्षण योजना के तहत इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य औद्योगिक रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ अभ्यर्थियों की तकनीकी दक्षता को विकसित करना है।

एक बैच में 37 अभ्यर्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण

योजना के तहत एक बैच में कुल 37 प्रशिक्षार्थियों को चार महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रत्येक प्रशिक्षार्थी के खाते में 5 हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रशिक्षण पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को कार्यालय या प्रशिक्षण देने वाली संस्था की ओर से प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

18 से 45 वर्ष के पुरुष और महिलाएं कर सकेंगे आवेदन

सिलाई प्रशिक्षण के लिए 18 से 45 वर्ष की आयु वाले इच्छुक पुरुष और महिलाएं आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता जूनियर हाईस्कूल यानी कक्षा 8 पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा आवेदक का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना भी जरूरी है।

इन पोर्टल पर करना होगा ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी अन्य पिछड़ा वर्ग प्रशिक्षण योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए diupmsme.upsdc.gov.in और msme.up.gov.in पोर्टल उपलब्ध हैं। आवेदन पत्र पूरी तरह ऑनलाइन भरना होगा और उसके साथ जरूरी दस्तावेज भी संलग्न करने होंगे। अधूरा आवेदन या आवश्यक प्रपत्रों के बिना आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कार्यालय में भी मिल सकती है योजना की जानकारी

योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। कार्यालय सूरजपुर में कलेक्ट्रेट के निकट या पीछे, इकोटेक-2, ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्धनगर में स्थित है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.